ETV Bharat / state

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस और ट्रक की टक्कर, दो शिक्षकों की मौत.. कई छात्र घायल

रोहतास में भीषण सड़क हादसा हुआ है. मध्य विद्यालय बढ़ौना की शैक्षणिक टूर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में दो शिक्षकों की मौत. पढ़ें-

Rohtas Road Accident
रोहतास में सड़क हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 17, 2026 at 9:45 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के परसथुआ थाना क्षेत्र में रात के करीब 12:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. कैमूर जिले के चैनपुर अंचल अंतर्गत मध्य विद्यालय बढ़ौना से एजुकेशनल टूर के लिए पटना जा रही बस को एनएच 319 पर एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे में दो शिक्षकों की मौत: हादसे में जान गंवाने वाले दोनों शिक्षक कैमूर जिले से जुड़े थे. एक शिक्षक संजय कुमार राय कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसहर गांव के निवासी थे, जबकि दूसरे शिक्षक पुनीत कुमार सिंह बीपीएससी शिक्षक थे और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के माविहार थाना क्षेत्र के बगहवा गांव के रहने वाले थे. दोनों शिक्षक बच्चों के साथ टूर पर जा रहे थे.

Rohtas Road Accident
शैक्षणिक टूर पर जा रही थी बस (ETV Bharat)

घायलों की संख्या और स्थिति: बस में कुल 7 शिक्षक, 36 बच्चे और एक अभिभावक सवार थे. हादसे में पांच शिक्षक घायल हुए हैं, जिनमें विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और महिला शिक्षिका ललिता कुमारी शामिल हैं. इसके अलावा एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे भी जख्मी हुए हैं. सभी घायलों को तुरंत सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों को छुट्टी दे दी गई है. घायल शिक्षकों का इलाज अभी भी जारी है.

स्थानीय लोगों में आक्रोश: हादसे के बाद स्थानीय क्षेत्र में लोगों में गुस्सा और दुख दोनों हैं. अभिभावक और ग्रामीण इस बात से नाराज हैं कि स्कूल ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई. कई लोग मानते हैं कि दिन के समय टूर आयोजित किया जाना चाहिए था और रात में यात्रा पूरी तरह से टालनी चाहिए थी.

स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल: इस हादसे ने विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है. रात के समय बच्चों को लेकर लंबी दूरी का टूर करवाने की अनुमति किसने दी? इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? रात में यात्रा के दौरान ड्राइवर की थकान या अन्य कारणों से हादसा हुआ हो सकता है, लेकिन बच्चों की जान से खिलवाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा? यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.

Rohtas Road Accident
ट्रक से हुई बस की टक्कर (ETV Bharat)

क्या कहते है हेडमास्टर: मिली जानकारी के अनुसार, मध्य विद्यालय बढ़ौना के छात्रों को पटना घुमाने के लिए बस रवाना हुई थी. मोहनिया-आरा पथ पर परसथुआ के पास ट्रक और बस की आमने-सामने टक्कर हो गई. हेडमास्टर बिपिन बिहारी ने बताया कि गनीमत रही कि बच्चों को ज्यादा चोट नहीं आई, ज्यादातर हल्की चोटें हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की तहकीकात की जा रही है.

"शैक्षणिक टूर के लिए बच्चों के साथ पटना जा रहे थे, तभी परसथुआ के पास सड़क हादसा हो गया. हादसे में हमारे दो शिक्षकों की मौत हो गई. बच्चों को कुछ नहीं हुआ है, उन्हें बस हल्की चोट आई है."- बिपिन बिहारी, घायल हेडमास्टर, मध्य विद्यालय बढोना, चैनपुर

प्रशासन की प्रतिक्रिया और जांच: पुलिस और प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक और बस के ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को सहायता प्रदान करने का आश्वासन दे रहा है.

ये भी पढ़ें-

बिहार में बस और कार की भीषण टक्कर, दो की मौके पर मौत.. गैस कटर से निकाले गए शव

बिहार में हादसों में 15 लोगों की मौत, गोपालगंज में बाप-बेटी की गयी जान

बिहार में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, चार श्रद्धालुओं की मौत