पूर्व मंत्री चांदना की पत्नी की एसयूवी से टकराई तेज रफ्तार गाड़ी, रिक्शा सवार तीन आए चपेट में...
पुलिस सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालकों की पहचान करने में जुटी हुई है. घायलों का उपचार जारी है.

Published : September 2, 2026 at 4:12 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर में मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. फुटेज में तेज रफ्तार एसयूवी कार दूसरी एसयूवी को टक्कर मारती दिख रही है. दोनों गाड़ियों की टक्कर के बाद पास से गुजर रहा ई-रिक्शा चपेट में आ गया, जिसमें सवार तीन लोग घायल हो गए. एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल एक एसयूवी वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम रजिस्टर्ड है, जबकि दूसरी एसयूवी पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड है. हालांकि, हादसे के समय दोनों गाड़ियां कौन चला रहा था, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है.
मानसरोवर थानाधिकारी सतीशचंद्र ने बताया कि घटना 31 अगस्त की रात मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तिराहे की है. दो एसयूवी कारें आपस में टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतुलन बिगड़ने से पास में चल रहा ई-रिक्शा भी चपेट में आ गया. ई-रिक्शा में तीन लोग सवार थे, जो घायल हो गए. घायलों को तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे निगरानी में रखा गया है.
पढ़ें: एसयूवी व बाइक में टक्कर के बाद लगी आग, बाइक सवार दो जनों की मौत
थानाधिकारी ने बताया कि घटना को लेकर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और अनुसंधान जारी है. पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है, ताकि टक्कर की गति और दिशा स्पष्ट हो सके. फुटेज में एक एसयूवी तेज गति से आती और तिराहे पर दूसरी एसयूवी को टक्कर मारती नजर आ रही है. टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार लोगों को चोटें आईं.
वाहन चलाने वालों की तलाश: पुलिस का कहना था कि एक एसयूवी वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम और दूसरी एसयूवी ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड है. हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, इसे लेकर वाहन मालिकों को नोटिस भेजा गया है. पूछताछ में सामने आएगा कि ड्राइविंग सीट पर कौन था. पुलिस ने बताया कि वाहन मालिकों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर चालकों की पहचान की जाएगी.
व्यस्त रहता है मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तिराहा: पुलिस के अनुसार तिराहे पर रात के समय ट्रैफिक कम होने के कारण कई बार वाहन चालक तेज गति से वाहन निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है. मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तिराहा व्यस्त चौराहा है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायलों के बयान भी लिए जा रहे हैं.
जांच के बाद लापरवाही बरतने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. थानाधिकारी सतीशचंद्र ने बताया कि सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चालकों की पहचान कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. वहीं, ई-रिक्शा सवार तीनों घायलों का उपचार जारी है.

