इंटरनेशनल चरस तस्करी गैंग का भंडाफोड़; मऊ में 9 करोड़ रुपये की चरस के साथ महिला समेत दो स्मगलर गिरफ्तार
मऊ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया, 16 पैकेट चरस बरामद की गई है. इस केस में महिला समेत दो लोग गिरफ्तार किए गये हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 9:04 PM IST
मऊ: मऊ जिले में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय चरस तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. मऊ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड के बीच से महिला समेत दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से नेपाल से लाई गई लगभग 18.49 किलो चरस बरामद की गयी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है.
चरस तस्कर चले मऊ पुलिस के हत्थे: मऊ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर क्रिश राजपूत के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है.
थाना कोतवाली नगर तथा एसओजी/सर्विलांस पुलिस टीम द्वारा नशे के अंतर्राष्ट्रीय सौदागर 02 अभियुक्त गिरफ्तार कब्जे से 18.490 कि0ग्रा0 चरस (कीमत लगभग ₹ 9 करोड़) बरामद । pic.twitter.com/F16sqlsmKR
— mau police (@maupolice) January 6, 2026
मुखबिर की सूचना पर रामलीला मैदान, रेलवे स्टेशन के पास एक पुरुष और एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान इनके पास से 16 पैकेटों में 18.49 किलो चरस बरामद हुई.
मुरादाबाद, उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहे थे: एसपी इलामारन जी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमामी अली निवासी मुरादाबाद और नाजमा निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों अभियुक्त नेपाल के रास्ते लाई गई चरस को रेल और सड़क मार्ग से गोरखपुर होते हुए मुरादाबाद और उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहे थे.
थाना कोतवाली नगर तथा एसओजी/सर्विलांस पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में पुलिस अधीक्षक मऊ की बाइट ।@Uppolice @adgzonevaranasi@digazamgarh @DRElamaranIPS pic.twitter.com/OVes14exY1
— mau police (@maupolice) January 6, 2026
इंटरनेशनल कनेक्शन खंगाल रही पुलिस: मुख्य अभियुक्त इमामी अली पूर्व में भी NDPS एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है. दोनों अभियुक्तों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश कर रही है.
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि नेपाल के रास्ते से होते हुए रेल और रोड मार्ग के जरिए मुरादाबाद उत्तराखंड में हीरोइन की खेप को पहुंचाया जा रहा था. इसमें मुख्य अभियुक्त एक महिला है, जो पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुकी है.
यह भी पढ़ें- अमित शाह Vs राहुल गांधी मानहानि मामला; 19 जनवरी को कोर्ट में पेश होने का आदेश, दर्ज कराने होंगे बयान

