ETV Bharat / state

पलामू से अफीम की खेप जाने वाली थी लुधियाना, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

पलामू में अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए गये हैं.

Two smugglers arrested with illegal opium in Palamu
पलामू पुलिस के शिकंजे में आरोपी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 6, 2026 at 9:41 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामूः जिला से लाखों की अवैध अफीम की खेप को पुलिस ने जब्त किया है. अफीम की तस्करी पंजाब के लुधियाना में होने वाली थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेप को जब्त कर लिया है जबकि दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी तस्कर आपस में रिश्तेदार हैं. एक आरोपी पंजाब के लुधियाना में लंबे समय से रह रहा है और अफीम के कारोबार से जुड़ा हुआ है.

पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू थाना क्षेत्र के चक के इलाके से अफीम की तस्करी होने वाली है. इसी सूचना के आलोक में लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया. पकड़े गए युवक उमाशंकर कुमार के घर से पुलिस ने 1.114 किलो अफीम को बरामद किया है. जबकि पुलिस ने अफीम के तस्करी के आरोप में उमाशंकर कुमार और उसके रिश्तेदार राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है.

Two smugglers arrested with illegal opium in Palamu
पुलिस द्वारा जब्त अवैध अफीम (ETV Bharat)

इस कार्रवाई को लेकर मनातू के थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि छापेमारी में पकड़ा गया आरोपी राहुल कुमार लुधियाना के इलाके में रहता है और अफीम के कारोबार से जुड़ा हुआ है. वो अफीम लेने के लिए वह मनातू के चक इलाके में आया हुआ था. अफीम की खेप की तस्करी पंजाब के लुधियाना के इलाके में होने वाली थी. पूछताछ में पुलिस को कई जानकारी मिली है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस की छापेमारी में लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा, थाना प्रभारी विक्की कुमार, एएसआई भुवनेश्वर तुरी, सत्येंद्र कुमार के नाम शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें- पंजाब-हरियाणा में डोडा अफीम अब मसाले की तरह! घरों और ढाबों में हो रहा इस्तेमाल, झारखंड से सप्लाई

इसे भी पढ़ें- रांची में अवैध अफीम के खिलाफ कार्रवाई, एक युवक गिरफ्तार

इसे भी पढ़ें- हजारीबाग में दो अफीम तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख का नशे का सामान बरामद