पलामू के मननदोहर में कुएं में गिरने से दो मासूम बहनों की मौत, तीसरी की हालत गंभीर
पलामू के नौडीहा बाजार में कुएं में गिरने से दो बहनों की मौत हो गई है. जबकि एक की हालत गंभीर है.


Published : February 28, 2026 at 6:59 PM IST
रिपोर्ट: नीरज कुमार
पलामू: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मननदोहर गांव में एक हृदयविदारक हादसा हुआ है. यहां एक कुएं में गिरने से दो छोटी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनकी तीसरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है. मृतक बहनों की उम्र क्रमशः 6 वर्ष और 8 वर्ष बताई जा रही है, जबकि घायल बहन भी 6 वर्ष की है.
घटना शनिवार दोपहर के बाद की बताई जा रही है. ग्रामीणों को कुएं के पास से एक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वे कुएं के पास पहुंचे तो देखा कि तीन छोटी बच्चियां कुएं में गिर चुकी हैं. सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया और तत्काल तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला.
इस हादसे में दो बच्चियां कुएं में ही दम तोड़ चुकी थीं, जबकि तीसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल और बीमार हो गई. घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया. बच्ची की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों बच्चियां कुएं में गिर गई थीं. इसमें दो की मौत हो गई है, जबकि तीसरी गंभीर रूप से घायल है. मृतक बच्चियों की पहचान मननदोहर निवासी अवधेश यादव की बेटियां प्रीति कुमारी (8 वर्ष) और सोनम कुमारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है. घायल तीसरी बच्ची दोनों मृतक बहनों की रिश्तेदार है.
मृतक दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है. हादसे से स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
ये भी पढ़ें:
दुमका में लाइटर लोड कंटेनर में लगी आग, चपेट में आए अन्य तीन हाईवा, एक व्यक्ति की मौके पर जलकर मौत
रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत

