पुलिस मुठभेड़ में हैरी बॉक्सर गैंग के दो इनामी बदमाश ढेर, गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग से था कनेक्शन
मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सेल के कॉन्स्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी, जिनका इलाज चल रहा है.

Published : July 5, 2026 at 5:47 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त अभियान में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित गैंग के दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया. यह एनकाउंटर हरियाणा केबहादुरगढ़ के बलौर गांव के पास हुआ. दोनों बदमाशों पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और वे हिसार के चर्चित जिम ट्रेनर हत्याकांड में वांछित थे. स्पेशल सेल के अनुसार, खुफिया सूचना मिली थी कि हिसार निवासी प्रवेश और हिमांशु हरियाणा में मौजूद हैं. इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बहादुरगढ़ के बलौर इलाके में घेराबंदी की.
पुलिस ने दोनों बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सेल के कॉन्स्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी, जिनका इलाज चल रहा है.
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों बदमाश 11 जून को हिसार में जिम ट्रेनर की सीसीटीवी में कैद सनसनीखेज हत्या के आरोपी थे. इसी गैंग के दो अन्य सदस्य हकीकत उर्फ साहिल और सागर को 25 जून को पश्चिम विहार में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था. इन दोनों पर पंजाबी गायक गुरु रंधावा के पश्चिम विहार स्थित जिम के बाहर फायरिंग करने का भी आरोप है. उनकी पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर ही पुलिस प्रवेश और हिमांशु तक पहुंच सकी.
स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पी.एस. कुशवाह ने बताया कि गैंग के सरगना हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित सहित पूरे संगठित अपराध नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए स्पेशल सेल ने मसीओसी (MCOC) एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया है. पुलिस अब गैंग की आर्थिक और लॉजिस्टिक सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के साथ फरार आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने की कार्रवाई तेज करेगी.
इसे भी पढ़ें

