सहारनपुर में नाव पलटने से दो जवान यमुना में डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे में दो जवान किसी तरह नाव को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकले.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 1:03 PM IST
सहारनपुर: हथिनीकुंड बैराज स्थित यमुना नदी में पैरामिलिट्री फोर्स की ट्रेनिंग के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में छलांग लगाने और रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान जवानों को नदी से बाहर निकालने के लिए लगाई गई नाव अचानक पानी में बंद हो गई. नाव के बंद होने के बाद वह असंतुलित होकर पलट गई. हादसे में दो जवान किसी तरह नाव को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो जवान गहरे पानी में डूब गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में यमुना नदी में डूबे दोनों जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. नदी के गहरे पानी में जवानों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं.
जानकारी के मुताबिक पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की यमुना नदी में रेस्क्यू ट्रेनिंग चल रही थी. इसी दौरान हेलीकॉप्टर से जवानों ने नदी में छलांग लगाई. जवानों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नाव को नदी में लगाया गया था.
इसी दौरान अचानक नाव पानी में बंद हो गई और संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गई. नाव पर सवार चार जवानों में से दो जवान नाव को पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो जवान गहरे पानी में चले गए.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेरठ से एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है. इसके साथ ही हरियाणा से गोताखोरों की टीम और आर्मी के जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं. यमुना के गहरे और तेज बहाव वाले पानी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
हादसे के बाद मिर्जापुर थाना प्रभारी विनोद कुमार और हथिनीकुंड बैराज पुलिस चौकी इंचार्ज अवशेष भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पहुंच गए है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं. नदी में अलग-अलग स्थानों पर सर्च अभियान चलाकर डूबे दोनों जवानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
थाना मिर्जापुर प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि रेस्क्यू टीमों द्वारा यमुना नदी के संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है. नदी की गहराई और बहाव के कारण जवानों की तलाश में रेस्क्यू टीमों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ, गोताखोरों और सेना की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हुई हैं.
हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौजूद हैं. प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन को प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. यमुना में डूबे दोनों जवानों के बारे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में दो कारों की भिड़ंत; ITBP के DIG परमिंदर सिंह और ड्राइवर की मौत
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा; एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, हरियाणा से जा रहे थे हरिद्वार

