बारात से लौटते समय दर्दनाक हादसा, दूल्हा-दुल्हन सवार स्कॉर्पियो 100 फीट नीचे गड्ढे में गिरी, दो की मौत
मधेपुरा के बारात से लौट रही स्कॉर्पियो 100 फीट गहरे गड्ढे में गिरी. दूल्हे के दोस्त समेत दो की मौत. दूल्हे की कार भी गिरी.

Published : November 24, 2025 at 2:46 PM IST
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बलुआहा पुल के पास करीब 100 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी सवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए. सुबह स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
घने कोहरे ने छीनी दो जिंदगियां: घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है. घने कोहरे के कारण चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया और स्कॉर्पियो सीधे पुल से नीचे नदी किनारे गड्ढे में जा गिरी. मृतकों की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के सिंगियान निवासी 55 वर्षीय चंद्रकिशोर यादव और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी 30 वर्षीय चिंटू अग्रवाल के रूप में हुई है. चिंटू अग्रवाल दूल्हे का दोस्त बताया जा रहा है.
दूल्हे की कार भी गिरी: हादसे में सिर्फ स्कॉर्पियो ही नहीं गिरी. दूल्हे की कार भी पुल से करीब 500 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले. स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से चार ने किसी तरह जान बचाई और मौके से चले गए. चालक भी फरार बताया जा रहा है.
सिंहेश्वर से लौट रही थी बारात: बारात मुरलीगंज प्रखंड के तिनकोनामा से सिंहेश्वर स्थान गई थी. रविवार रात शादी संपन्न होने के बाद सोमवार तड़के पूरा बाराती काफिला वापस लौट रहा था. NH-107 पर रामपुर बलुआहा नदी के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ. सुबह जब ग्रामीणों ने पुल के नीचे दोनों गाड़ियां देखीं तो हड़कंप मच गया.

मौके पर जुटी भारी भीड़: सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. मुरलीगंज पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को बाहर निकाला. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
लगातार हो रहे हादसे: हरिपुर कला पंचायत के मुखिया आलोक कुमार ने बताया कि बलुआहा पुल के पास कोहरे की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने पुल के दोनों ओर डिवाइडर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है.
"अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है."-आलोक कुमार, मुखिया

इलाके में शोक की लहर: दो लोगों की अचानक मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. चंद्रकिशोर यादव के परिवार में कोहराम मचा है तो वहीं मालदा से आए चिंटू अग्रवाल की मौत ने शादी के खुशी के माहौल को गम में बदल दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बाइट: स्थानीय निवासी
ये भी पढ़ें-बिहार के दरभंगा में दर्दनाक सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई कार.. 3 की मौत
बिहार में दर्दनाक हादसा, पुलिस की ट्रेनिंग कर लौटे सिपाही बेटे और पिता को ट्रक ने रौंदा

