बोरसी की आग बनी काल, धुएं के कारण दम घुटने से नाना-नाती की मौत, 3 की हालत नाजुक
कड़ाके की ठंड में बोरसी की आग ने नाना-नाती का जान ले ली. धुएं के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हो गई. पढ़ें..

Published : December 28, 2025 at 7:16 PM IST
नवादा: बिहार में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. सर्दी से बचने के लिए लोग आग जलाकर ताप रहे हैं लेकिन यह जानलेवा साबित हो रहा है. नवादा में बोरसी की आग ने नाना और नाती की जिंदगी छीन ली. बोरसी की धुएं से दम घुटने से ये दर्दनाक हादसा हुआ है. अन्य तीन लोग गंभीर हालत में विम्स पावापुरी में भर्ती हैं.
बोरसी की आग बनी काल: घटना के संबंध में बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के त्रिलोकी बीघा गांव में शनिवार रात जब परिवार के पांच सदस्य एक कमरे में सो रहे थे. कमरे को गर्म रखने के लिए बोरसी में आग जलाई गई थी. कमरा पूरी तरह बंद होने के कारण उसमें धुआं भर गया. जिस वजह से कमरे में मौजूद लोगों का दम घुटने लगा और सभी बेहोश हो गए.

नाना-नाती की मौत: सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के अन्य सदस्यों ने दरवाजा खोला. अंदर सभी लोग बेहोशी की हालत में पड़े मिले. तत्काल सभी को पावापुरी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान 50 वर्षीय नाना और एक साल के नाती (आशीष कुमार) की मौत हो गई.
3 लोग अस्पताल में भर्ती: आशीष अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था. कमरे में आशीष की मां और नानी समेत 3 लोग सोए थे. सभी को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों ने बताया कि दो लोग पावापुरी में भर्ती हैं, जबकि एक को पटना रेफर किया गया है.
"रात में सोए थे सभी लोग बोरसी लेकर एक रूम में. 5 लोग थे. दम घुंटने से दो लोगों की मौत हो गई. एक नाना और एक नाती थे. तीन लोग भर्ती हैं. दो पावापुरी में और एक पटना में इलाज करवा रहे हैं."- रोहित कुमार, मृतक के परिजन
" अंगीठी जलाते समय सावधानी ही सुरक्षा है! सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।" @bihar_police @DMNawada @IgMagadh #nawadapolice #Nawada #नवादा pic.twitter.com/dXd8erXc22
— Nawada Police (@nawadapolice) December 28, 2025
छानबीन में जुटी पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय कमरे में अंगीठी जलाकर ना सोए.
ये भी पढ़ें:
बिहार में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, दम घुटने से 3 बच्चों सहित 4 की मौत
'शमशान घाट में बढ़ने लगी शवों की संख्या..' बिहार में ठंड का सितम
बिहार के 38 जिलों में भयंकर ठंड, पटना में कांप रहे लोग, अगले 72 घंटे भारी

