ETV Bharat / state

लोहरदगा में रफ्तार का कहर, बोलेरो की टक्कर से दो लोगों की मौत

लोहरदगा में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है. घटना कुडू थाना क्षेत्र के कुडू ब्लॉक मोड़ के समीप हुई है.

Road Accident In Lohardaga
लोहरदगा में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 14, 2025 at 4:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लोहरदगा : जिले के कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दो लोगों को रौंद दिया. जिससे दोनों की मौत हो गई है. घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी. घटना में चारपहिया वाहन चालक भी घायल हुआ है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

दुकान खोल रहे थे दुकानदार, तभी मौत ने दी दस्तक

घटना उस वक्त हुई जब दुकानदार दुकान खोल रहे थे. किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला. देखते ही देखते कोहराम मच गया. लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. जिसकी वजह से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की रांची में इलाज के क्रम में मौत हो गई. वहीं घटना में बोलेरो का चालक भी घायल हुआ है. घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया है.

मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के कुडू मस्जिद चौक निवासी सुरेश साहू के 39 वर्षीय पुत्र जेनरल स्टोर के मालिक सत्येंद्र साहू और रांची के श्री मां ट्रांसपोर्ट के चालक बिहार के गया जिला के केवला निवासी 45 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है. वहीं घायल की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के हाता टोली निवासी संतोष सिंह के पुत्र बोलेरो चालक 25 वर्षीय पिंटू सिंह के रूप में हुई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सत्येंद्र साहू कुडू मस्जिद चौक के रहने वाला है. वह कुडू ब्लॉक मोड़ स्थित अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचा था. उसने अपनी मोटरसाइकिल को दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान की ओर बढ़ा ही था कि तेज रफ्तार बोलेरो ने सत्येंद्र को टक्कर मार दी. जिससे सत्येंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कुछ दूरी पर बैठे हुए ट्रांसपोर्ट वाहन के चालक राजेश यादव को भी टक्कर मार दी. जिससे राजेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया है.

Road Accident In Lohardaga
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक. (फोटो-ईटीवी भारत)

बोलेरो चालक का रांची में चल रहा इलाज

इस घटना में राजेश और पिंटू सिंह को भी चोट आई है. जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया था. रांची रिम्स ले जाने के बाद राजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई. जबकि पिंटू सिंह का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है.

कुडू ब्लॉक मोड़ के पास एक जबरदस्त दुर्घटना हुई है. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है.”-अजित कुमार, थाना प्रभारी, कुडू

ये भी पढ़ें-

सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत, ONGC के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस पहुंची घटनास्थल

हजारीबाग में डिवाइडर से टकराई कार, तीन की मौत, शादी में जा रहे थे सभी

खूंटी में भीषण सड़क हादसा: पिता और मासूम बेटे की मौत, बेटी गंभीर