कच्चे मकान की गिरा रहे थे दीवार, अचानक ढहने से मकान मालिक एवं मजदूर दबे, दोनों की मौत
मालिक पुराने मकान को गिराकर नया बनाना चाहता था. पुराना ढहाते समय चली गई जान.

Published : January 28, 2026 at 8:01 PM IST
डूंगरपुर: जिले के सदर थाना क्षेत्र के आसेला रोत फला में कच्चे मकान की दीवार गिराते समय हादसा हो गया. दीवार के अचानक ढहने से मकान मालिक एवं एक मजदूर मलबे में दब गया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया. गंभीर हालत में डूंगरपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
सदर थाने के एएसआई पोपटलाल ने बताया कि मनीष रोत ने रिपोर्ट दी कि गांव में उसके पुराने कच्चे घर को गिराया जा रहा था. पिता कांति लाल रोत (60) दीवार गिराने का काम करा रहे थे. मजदूर गौतम लाल (50) पुत्र धुला रोत निवासी आसेला दीवार नीचे से खोदकर गिराने में जुटे थे, तभी 15 फीट ऊंची मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई.
इससे कांति लाल एवं गौतम लाल मलबे में दब गए. घटना के बाद भीड़ हो गई. लोग मलबा हटाने में जुट गए. आधे घंटे बाद दोनों को मलबे से निकाला जा सका. दोनों को डूंगरपुर अस्पताल ले गए. अस्पताल की इमरजेंसी में जांच के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पुलिस पहुंची. दोनों शव अस्पताल की मोर्चरी भिजवाए, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
नया मकान बनाना था: कांति लाल का पुराना मकान कच्चा मिट्टी का बना था. इसे गिराकर कांति लाल नया पक्का मकान बनाने वाले थे, लेकिन हादसे से परिवार में मातम पसर गया. कांतिलाल के 3 बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है.
पढ़ें: कुई की मिट्टी ढहने से श्रमिक की मौत, साढ़े तीन घंटे बाद निकाला शव

