बीएसएनएल स्टोर में चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
झाकड़ी में बीएसएनएल स्टोर में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 16, 2026 at 7:40 PM IST
रामपुर बुशह: जिला पुलिस शिमला ने बीएसएनएल स्टोर से केबल तार और स्क्रैप कॉपर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये कार्रवाई पुलिस थाना झाकड़ी की टीम ने की. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएनएल विभाग ने थाना झाकड़ी में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत में बताया गया था कि उनके स्टोर से केबल तार एवं स्क्रैप कॉपर चोरी हुआ है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तत्परता से कार्रवाई करते हुए धारा 331(4), 305, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस ने कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों में हितेश कुमार उर्फ पियूष (19 वर्ष) निवासी रामपुर के रूप में हुई है. आरोपी के दूसरे साथी की पहचान विशाल (22 वर्ष) निवासी ज्यूरी रामपुर के तौर पर हुई है. पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपियों ने कॉपर धातु को बेचने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.
दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश
दोनों आरोपियों को 15 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया. पुलिस आज 16 फरवरी 2026 को दोनों को माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी किया गया सामान भी आरोपियों से बरामद कर लिया जाएगा. जिला पुलिस शिमला ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वो अपने वाहनों एवं संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें.

