ओडिशा से गांजा लाकर राजस्थान-मध्य प्रदेश में तस्करी, ANTF ने दो तस्कर दबोचे, 47 किलो गांजे की खेप पकड़ी
वे रोजाना बाजार में दो किलो गांजा सप्लाई करते और 30-32 हजार रुपए मुनाफा कमाते थे.

Published : July 5, 2026 at 5:22 PM IST
जयपुर: राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने सवाई माधोपुर में कार्रवाई करते हुए तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 47.288 किलो गांजा और एक वाहन जब्त किया गया है.
आईजी (एएनटीएफ) विकास कुमार ने बताया कि फरिया (सवाई माधोपुर) निवासी मुकुट बिहारी जांगिड़ और हनुमान मीना को गिरफ्तार कर नशे की खेप और तस्करी में काम में लिया जाने वाला वाहन जब्त किया गया है. दोनों हर दो महीने में कार से ओडिशा का एक चक्कर लगाते और वहां से गांजा लाकर राजस्थान और मध्य प्रदेश में सप्लाई करते. वे रोजाना बाजार में दो किलो गांजा सप्लाई करते और 30-32 हजार रुपए मुनाफा कमाते थे.
मोबाइल रिचार्ज के बहाने बेचता था पुड़िया : उन्होंने बताया कि आरोपी मुकुट बिहारी दसवीं तक पढ़ा है. वह पहले मोबाइल रिचार्ज की दुकान करता. कमाई कम हुई तो मोबाइल रिचार्ज के बहाने दुकान पर गांजे की पुड़िया बेचने लगा. इसके बाद बड़े स्तर पर तस्करी करने लगा. साल 2020 में उसकी ओडिशा के बड़े तस्कर से पहचान हुई और वह बस-ट्रेन के जरिए ओडिशा से गांजे की तस्करी करने लगा. उसने कोरोना के समय बाइक से भी गांजे की तस्करी की. वह ओडिशा से 4-5 हजार रुपए किलो में गांजा खरीदता और राजस्थान-मध्य प्रदेश में 15-20 हजार रुपए किलो में बेचता था.
पढ़ें. बड़ी कार्रवाई: चित्तौड़गढ़ में 287 किलो गांजा, बूंदी में 2.7 किलो अफीम बरामद, तस्कर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश से शुरू किया पीछा करना : एएनटीएफ की टीम ने उसकी कुंडली खंगाली तो सामने आया कि वह उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार से ओडिशा से गांजा लाता है और यहां सप्लाई करता है. उसकी गाड़ी नंबर के आधार पर एएनटीएफ ने निगरानी रखी और ललितपुर (उत्तर प्रदेश) पहुंची, जहां आरोपी के आने का इंतजार किया. टीम ने ललितपुर से गाड़ी का पीछा करना शुरू किया. टीम को पीछे आता देख उन्होंने गाड़ी को एक्सप्रेस वे पर चढ़ा दिया. एएनटीएफ की टीम ने कुस्तला कट पर घेराबंदी कर मुकुट बिहारी और हनुमान को पकड़ लिया.
डिग्गी में बनवा रखे थे मोडिफाइड बॉक्स : पड़ताल में सामने आया कि तस्करों ने गाड़ी की डिग्गी के दोनों तरफ मोडिफाइड बॉक्स बना रखे थे ताकि पुलिस को शक नहीं हो. इनमें गांजा भरकर सप्लाई करते. मुकुट बिहारी इतना शातिर है कि वह 6-7 साल से गांजे की तस्करी कर रहा है, लेकिन पहली बार गिरफ्तार हुआ है. जांच में सामने आया है कि कोविड के समय आरोपी बाइक से ओडिशा जाता और वहां से गांजे की खेप लाकर सप्लाई करता था.

