ETV Bharat / state

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में 573.41 करोड़ की लागत से बनेंगे दो नए हॉस्टल: सीएम रेखा गुप्ता

विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या व आवास संकट दूर करने की दिशा में बड़ा कदम, ईएफसी ने मंजूरी दी.

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में बनेंगे दो नए हॉस्टल: सीएम रेखा गुप्ता
मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में बनेंगे दो नए हॉस्टल: सीएम रेखा गुप्ता (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : April 12, 2026 at 5:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) परिसर में लड़कों और लड़कियों के लिए दो नए हॉस्टल भवनों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है. इस महत्वपूर्ण परियोजना की अनुमानित लागत 573.41 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है. मुख्यमंत्री ने इसे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम निर्णय बताया है. दोनों हॉस्टलों का निर्माण कार्य करीब 36 माह में पूरा किए जाने की संभावना है.

सीएम का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सरकारी संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें.

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में 1965 से 1982 के बीच बने थे हॉस्टल

मुख्यमंत्री गुप्ता ने बताया कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पिछले कुछ वर्षों में छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है. पहले जहां प्रति वर्ष 150 छात्रों का प्रवेश होता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 250 हो गई है. इस बढ़ोतरी के कारण हॉस्टल सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है और वर्तमान में कमरों की कमी के चलते कई छात्रों को साझा आवास में रहना पड़ रहा है, जबकि कुछ छात्रों को हॉस्टल सुविधा से वंचित भी होना पड़ता है. कॉलेज के मौजूदा हॉस्टल वर्ष 1965 से 1982 के बीच बने थे और इनमें से कई भवन पुराने हो चुके हैं. ऐसे में नए हॉस्टल निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव के पीछे मुख्य उद्देश्य छात्रों के लिए पर्याप्त और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि इस आवश्यकता के मद्देनजर नए हॉस्टल ब्लॉक मौजूदा परिसर में ही विकसित किए जाएंगे. परियोजना के तहत छात्राओं के लिए साइट-ए पर हॉस्टल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 269.19 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है. वहीं, छात्रों के लिए साइट-बी पर हॉस्टल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 304.22 करोड़ रुपये होगी. दोनों भवनों में बेसमेंट और सुपर-स्ट्रक्चर के साथ सिविल एवं इलेक्ट्रिकल कार्य शामिल होंगे.

निर्माण कार्य के लिए निर्धारित किया गया 30 माह का समय

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना व्यावसायिक नहीं है, बल्कि पूरी तरह से सामाजिक लाभ को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है. इसके माध्यम से छात्रों को बेहतर रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई और जीवन स्तर दोनों में सुधार होगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध है और निर्माण कार्य प्रशासनिक स्वीकृति तथा व्यय स्वीकृति प्राप्त होने के छह माह के भीतर प्रारंभ किया जाएगा. योजना के अनुसार छह माह का समय योजना निर्माण के लिए और 30 माह का समय निर्माण कार्य के लिए निर्धारित किया गया है. निर्माण पूरा होने के तुरंत बाद इसका लाभ छात्रों को मिलना शुरू हो जाएगा.

ये भी पढ़ें:

  1. डीयू में चाय की चुस्की के साथ ‘नारी शक्ति’ पर मंथन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साझा की पुरानी यादें
  2. DU के रामजस कॉलेज की लैब में रिसर्च से तैयार हुए गाय के गोबर से बटन, प्लास्टिक का बेहतरीन विकल्प;देखें रिपोर्ट
  3. दिल्ली में बढ़ेगा मेट्रो का दायरा, EV ट्रांसपोर्ट पर दिया जोर; सीएम रेखा गुप्ता ने बजट में खोला खजाना