चतरा में TSPC के पूर्व कमांडर समेत दो की मौत, आपसी विवाद में हुई फायरिंग
चतरा में TSPC के पूर्व कमांडर और उसके साथियों के बीच गोलीबारी हुई. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई.

Published : December 29, 2025 at 11:12 AM IST
पलामू/चतरा: चतरा के कुंडा थाना क्षेत्र के गेंद्रा में प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के पूर्व टॉप कमांडर और उसके साथियों के बीच फायरिंग की घटना हुई है. इस घटना में टीएसपीसी के टॉप कमांडर देवेंद्र गंझू और उसका एक साथी चुरामन गंझू की मौत हो गई. जबकि श्याम गंझू और उसका साला गोपाल गंझू गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायल गोपाल गंझू को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया. सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेवाला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले में आगे की छानबीन की जा रही है.
कैसे हुई फायरिंग की घटना
दरअसल, टीएसपीसी के पूर्व कमांडर देवेंद्र गंझू अपने साथियों के साथ रविवार देर रात कुंडा पुलिस स्टेशन इलाके के गेंद्रा गांव स्थित श्याम भोक्ता और उनके साले गोपाल भोक्ता के घर पहुंचे. जहां देवेंद्र गंझू और श्याम भोक्ता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों के बीच फायरिंग हो गई. इस फायरिंग में देवेंद्र गंझू एवं चुरामन गंझू की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि श्याम भोक्ता और गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
देवेंद्र गंझू टीएसपीसी का टॉप कमांडर रहा था और उस पर झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 36 गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं. श्याम भोक्ता कुछ दिनों पहले ही एनआईए के एक मामले में जेल से बाहर निकला है. श्याम भोक्ता पर दर्ज मामले की जांच एनआईए कर रही है.
ग्रामीणों ने बताया घटना की वजह
दरअसल, पलामू के पांकी इलाके में टीएसपीसी के हथियार की फैक्ट्री का खुलासा हुआ था. इसी मामले की जांच एनआईए कर रही है. ग्रामीणों के अनुसार अफीम के पैसे के बंटवारे और पूर्व के लेवी की रकम बंटवारे को लेकर विवाद हुआ है. इसी विवाद में फायरिंग हुई. मामले में पुलिस ने जख्मी गोपाल गंझू से भी पूछताछ की है.
मारे गए दिवेंद्र और श्याम के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. दोनों पूर्व में प्रतिबंधित टीएसपीसी नक्सली संगठन में शामिल रहे थे और दोनों के विरुद्ध अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं. पुरानी रंजिश को लेकर ही गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है. एफएसएल की टीम मौके पर बुलाई गई है. पुलिस घटना के हर संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है. पुलिसिया जांच और एफएसएल रिपोर्ट के बाद घटना के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा. सुमित कुमार अग्रवाल, एसपी, चतरा
ये भी पढ़ें-
चतरा में TSPC के चार उग्रवादी गिरफ्तार, शिकंजे में निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू भी
रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाला नक्सली गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
लातेहार पुलिस ने टीएसपीसी के तीन नक्सलियों को किया गिरफ्तार, हथियार और गोलियां बरामद

