ETV Bharat / state

झारखंड की दो बेटियों का अपहरण कर बंगाल ले गये यूपी के ड्राइवर और खलासी, बरवाअड्डा से बरामद हुईं दोनों नाबालिग

गिरिडीह की लापता दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है. मामले में दो आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं.

MISSING MINOR GIRLS RESCUED
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 28, 2026 at 5:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः जिले की तिसरी थाना की दो नाबालिग लड़कियों का अपहरण उत्तर प्रदेश के एक ड्राइवर और उसके सहयोगी ने कर लिया था. अपहरण के बाद दोनों आरोपी लड़कियों को लेकर हल्दिया ले गए. वहां से फिर दोनों को लेकर धनबाद के बरवाअड्डा आए. जहां से दोनों लड़कियों को बरामद किया गया. जबकि कांड के आरोपियों को डुमरी के कुलगो स्थित एनएचएआई के टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के अंतर्गत कम्पिल थाना क्षेत्र के रौकरी निवासी छोटेलाल और उत्तर प्रदेश के कासगंज जिला अंतर्गत पटियाली थाना क्षेत्र के नगला सहजन निवासी अमित कुमार शामिल है.

23 जनवरी को बुलाया था बगोदर

मामले की जानकारी देते हुए खोरी महुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि तिसरी थाना के एक गांव निवासी ने शिकायत की थी. बताया था कि 23 जनवरी को उसकी बेटी का अपहरण हो गया है. उसकी बेटी के साथ गांव की एक और नाबालिग बेटी गायब है. इसकी जानकारी एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई. एसपी के निर्देश पर टीम का गठन किया गया. टीम में तिसरी थाना प्रभारी रंजय सिंह के साथ सब इंस्पेक्टर रंजय कुमार, सअनि कौलेश्वर राम, तकनीकी शाखा के जोधन कुमार, प्रवीण कुमार, मिलिया मरांडी एवं चौकीदार राहुल कुमार यादव को शामिल किया गया.

जानकारी देते एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद (Etv Bharat)

मोबाइल से खोजी गई लड़कियां

टीम ने छानबीन की तो यह पता चला कि लड़कियों की बात फोन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के छोटेलाल से हुई थी. इसके बाद दोनों लड़कियों को छोटेलाल ने बरवाअड्डा बुलाया था. दोनों लड़कियां तिसरी से खोरी महुआ होते हुए बगोदर और फिर बरवाअड्डा चली गईं. यहीं से छोटेलाल और अमित दोनों लड़कियों को अपने ट्रक में बैठाकर हावड़ा के काशीपुर ले गए. काशीपुर के बाद दोनों को लेकर छोटेलाल और अमित हल्दिया चले गए. वहां ट्रक संख्या एनएल01एएच 4253 में प्लास्टिक का दाना लोड किया. इस कार्य में दो दिन लगे.

यहां के बाद दोनों लड़कियों को लाकर बरवाअड्डा में रखा गया था. इस बीच गिरिडीह पुलिस की टीम ने दोनों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और लड़कियों को बरामद कर लिया. बताया कि ट्रक दिल्ली के मालिक का है जिसे जब्त कर लिया गया है.

पॉक्सो की धारा लगेगी

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारागार भेजा जा रहा है. दोनों लड़कियों का मेडिकल चेकअप भी करवाया जाएगा. चूंकि दोनों लड़कियां नाबालिग हैं ऐसे में पॉक्सो की धारा भी कांड में जोड़ी जाएगी.

ये भी पढ़ें:

अपहृत युवा उद्यमी कैरव गांधी सकुशल बरामद, एसएसपी ने कहा- पुलिस के दबाव में अपहरणकर्ता छोड़ कर भागे

पत्नी लगाती रही पुलिस से गुहार, पति की हो गई निर्मम हत्या, गुस्साए लोगों ने की फांसी की मांग

रांची से लापता बच्चे अंश और अंशिका की बरामदगी को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा की प्रेस कॉन्फेंस