ETV Bharat / state

दादरी में फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर, टीचर हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाजार में घुमाकर मंगवाई माफी

दादरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद टीचर ललित हत्याकांड के दो आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया.

Dadri Teacher Lalit murder case
दादरी में फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 26, 2026 at 11:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चरखी दादरी: चर्चित बौंदकलां टीचर ललित हत्याकांड में चरखी दादरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सीआईए स्टाफ दादरी ने फिल्मी अंदाज में हुई मुठभेड़ के बाद मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की पहचान बौंदकलां निवासी नितिन उर्फ कालिया और नितिश उर्फ लास्सी के रूप में हुई है.

चार अवैध देसी पिस्तौल बरामद: दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के दौरान घायल होने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रोहतक जिले के कलानौर में 10 मई को हुए चर्चित गोलीकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

टीचर हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार (ETV Bharat)

डीएसपी कप्तान सिंह ने दी जानकारी: इस पूरे मामले में डीएसपी कप्तान सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि, "सीआईए टीम बाढड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर इलाके में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने नान्धा-लाड रोड पर नाकाबंदी कर दी. कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक दिखाई दी. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक मोड़कर भाग निकले. पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचाया और बदमाशों का पीछा जारी रखा."

दोनों आरोपी घायल: डीएसपी कप्तान सिंह ने आगे कहा कि, " तेज रफ्तार में भाग रहे आरोपियों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी. हादसे में दोनों आरोपी पेड़ों और पत्थरों से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए. एक आरोपी की टांग जबकि दूसरे का हाथ टूट गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया."

बाजार में घुमाकर मंगवाई माफी: गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को क्षेत्र के बाजारों में पैदल घुमाया. इस दौरान आरोपियों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई. आरोपियों ने लोगों के सामने भविष्य में अपराध नहीं करने और कानून का पालन करने की बात कही. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को विभिन्न बाजारों से ले जाया गया.

कलानौर गोलीकांड में भी जुड़े तार: पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रोहतक के कलानौर में दुकानदार मुकेश कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग की वारदात में भी शामिल होने की बात कबूल की है. पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या, हथियार सप्लाई और अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए जा सकें.

कई थानों की संयुक्त कार्रवाई: प्रेस वार्ता के दौरान सीआईए इंचार्ज बाढड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश, बौंद थाना प्रभारी सन्नी कुमार और सदर थाना प्रभारी सतवीर सिंह भी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताते हुए कहा कि, "जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा."

ये भी पढ़ें:करनाल में पेट्रोल पंप लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल