भिवानी में बुजुर्ग को 17 घंटे डिजिटल अरेस्ट रख 31.25 लाख रुपए ठगे, लखनऊ में दबिश देकर दो शातिर गिरफ्तार
हरियाणा के भिवानी में वृद्ध को 17 घंटे डिजिटल अरेस्ट कर 31.25 लाख रुपए ठगने वाले लखनऊ के दो शातिरों को गिरफ्तार किया गया है.

Published : May 18, 2026 at 8:31 PM IST
भिवानी : साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने सीबीआई अधिकारी और नकली जज बनकर डीसी कॉलोनी निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति को करीब 17 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखने और उनसे 31 लाख 25 हजार की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में दो और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट किया : इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी सहित अब तक कुल 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है. ताजा कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से 55 हजार की नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. ये पूरा मामला जून 2025 का है, जब डीसी कॉलोनी भिवानी के रहने वाले एक बुजुर्ग को जालसाजों ने अपना शिकार बनाया था. पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई का बड़ा अधिकारी बताया. उसने बुजुर्ग को डराते हुए कहा कि उनके नाम (पहचान पत्र) पर एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिसका इस्तेमाल देशविरोधी और आपराधिक गतिविधियों में किया गया है और इस संबंध में कई केस दर्ज हैं. डरे हुए बुजुर्ग को आरोपियों ने एक व्हाट्सएप नंबर दिया. अगले दिन (10 जून) वीडियो के जरिए बुजुर्ग की बकायदा एक फर्जी पेशी करवाई गई. इस वीडियो कॉल के बैकग्राउंड में किसी अदालत जैसा माहौल बनाया गया था, जहां एक फर्जी सीबीआई अधिकारी और एक फर्जी जज बनकर बैठा शख्स मौजूद था.
लखनऊ में दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार : इस फर्जी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग को इस कदर डरा दिया कि उन्होंने सहमकर अपने बैंक खातों, एफडी और परिवार के सदस्यों की पूरी जानकारी दे दी. इसके बाद आरोपियों के दबाव में आकर बुजुर्ग ने अपनी जमा-पूंजी (एफडी) तुड़वाई और आरटीजीएस के माध्यम से 31 लाख 25 हजार अपराधियों के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. शाम को जब पीड़ित के परिजन घर लौटे, तब जाकर इस सनसनीखेज डिजिटल अरेस्ट और ठगी का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया. साइबर थाना भिवानी के सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार की अगुवाई वाली टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सुरागों के आधार पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में दबिश देकर दो आरोपियों को दबोचा. आरोपी सैयद रेहान से 35,000 नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ और मोहम्मद सलमान के कब्जे से 20 हजार रूपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार (जेल) भेज दिया गया है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : पंचकूला की महिला से 2.98 करोड़ की साइबर ठगी, कोलकाता से 4 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी CBI अधिकारी बन किया था डिजिटल अरेस्ट
ये भी पढ़ें : पानीपत का फर्जी डॉक्टर, PG एडमिशन के नाम पर की लाखों की ठगी, साइबर पुलिस ने किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें : सोनीपत में बीमा पॉलिसी के नाम पर लाखों की ठगी, यूपी से अंतरराज्यीय गिरोह के दो ठग गिरफ्तार

