पीलीभीत में दो तेंदुओं की दहशत; ऑफिसर्स कॉलोनी के पास चहलकदमी करते दिखे, सीसीटीवी देखकर मचा हड़कंप
डीएफओ (DFO) भरत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और टीम मौके पर जांच कर रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 4:09 PM IST
पीलीभीत : जिले के बख्शपुर गांव में शनिवार देर रात दो तेंदुए देखे जाने का दावा किया जा रहा है. दोनों तेंदुओं की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं. यह गांव ऑफिसर्स कॉलोनी के ठीक पीछे स्थित है. दो तेंदुओं को देखे जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पदचिह्नों (पगमार्क) की जांच की.
गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में इन तेंदुओं की चहलकदमी कैद हुई है. वायरल हो रहे वीडियो में दो तेंदुओं को बेखौफ होकर गांव की गलियों में घूमते देखा जा सकता है. डीएफओ के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12 बजे के बाद जब ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे, तब बस्ती के बेहद करीब तेंदुओं की चहलकदमी को देखा गया है. तेंदुओं की मौजूदगी की खबर गांव में फैलने के बाद हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पदचिह्नों (पगमार्क) की जांच की. हालांकि, ईटीवी भारत वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
इस पूरे मामले पर डीएफओ (DFO) भरत कुमार ने पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि "टीम को मौके पर भेजकर निगरानी बढ़ा दी गई है. डीएफओ भरत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और टीम मौके पर जांच कर रही है. वन्यजीव अक्सर इन क्षेत्रों में विचरण करते हैं."
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले अंधेरे में बाहर न निकलने की सलाह दी है. साथ ही, पशुपालकों को अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल, वन विभाग की टीम गश्त कर रही है.
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में तेंदुए ने हमला कर महिला को मार डाला; खेत में पड़ा मिला शव

