सरिया उद्योग में मजदूरों पर पलटी क्रेन, 2 की मौत, 3 घायल, जानें कैसे हुआ ये हादसा
सरिया उद्योग में क्रेन पलटने से 2 मजदूरों की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल में रेफर किया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 5:20 PM IST
ऊना: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में सोमवार सुबह सरिया उद्योग में एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. ये हादसा न केवल औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है, बल्कि श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर उद्योग प्रबंधन की जिम्मेदारियों पर भी गंभीर चिंतन की मांग करता है.
घटना के बाद उद्योग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सहकर्मी मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. ये दर्दनाक घटना एक बार फिर ये सोचने पर मजबूर करती है कि क्या औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का सही ढंग से पालन हो रहा है या नहीं. दरअसल ये हादसा उस समय आया जब सरिया उद्योग में क्रेन स्क्रैप उठा रही थी.
अचानक पलट गई क्रेन
स्क्रैप उठाने के लिए लगी क्रेन अचानक पलट गई. क्रेन के पलटते ही उस पर लदा भारी स्क्रैप नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान शंभू मुशहर निवासी पश्चिमी चंपारण और मुन्ना कुमार निवासी रोहतास, बिहार के रूप में हुई है.
घायलों की सूची
वहीं हादसे में घायलों में रवि निवासी कांगड़ा, हिमाचल, भाग सिंह निवासी होशियारपुर, पंजाब और बलजीत सिंह निवासी ऊना, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित यादव घटनास्थल पहुंचे, जबकि गगरेट पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्रेन कैसे पलटी और क्या इसमें तकनीकी खराबी या लापरवाही कारण रही. पुलिस उद्योग प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है.
उधर, बीएमओ गगरेट पंकज पराशर ने बताया कि 'गगरेट के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक उद्योग में हुए हादसे के दौरान पांच घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो को मृत घोषित किया गया, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल कामगारों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है. पुलिस को इस घटना के संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है.'
ये भी पढ़ें: 'मनरेगा पर झूठ की राजनीति कर रही सुक्खू सरकार, दिख रही कांग्रेस की बौखलाहट'

