ETV Bharat / state

श्रीगंगानगर में पानी की डिग्गी में डूबने से दो मजदूरों की मौत, एक को बचाने उतरा था दूसरा युवक

एक मजदूर का पैर फिसल गया और वह डिग्गी के गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा. उसे बचाने में दूसरा भी डूब गया.

पानी की डिग्गी में डूबे मजदूर (प्रतीकात्मक)
पानी की डिग्गी में डूबे मजदूर (प्रतीकात्मक) (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 23, 2026 at 1:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

श्रीगंगानगर : जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में पानी की डिग्गी में डूबने से दो मजदूरों की मौत हो गई. हादसा श्रीकरणपुर के 56 एफ गांव के पास स्थित ईंट भट्टे के नजदीक हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम और ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों के शवों को डिग्गी से बाहर निकाला गया.

डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान राजकुमार पुत्र लीलूराम नायक निवासी जैतसर और गुरदीप ओड राजपूत निवासी 29 बीबी के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को श्रीकरणपुर के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है. मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे.

पढ़ें. बीकानेर में दर्दनाक हादसा: जोहड़ में डूबने से पति-पत्नी की मौत, गांव में पसरा मातम

जानकारी के अनुसार 56 एफ स्थित ईंट भट्टे पर दो मजदूर ट्रॉली में ईंटें भरने का काम कर रहे थे. काम पूरा करने के बाद दोनों मजदूर पास ही खेत में बनी पानी की डिग्गी पर हाथ-मुंह धोने के लिए गए थे. इसी दौरान अचानक एक मजदूर का पैर फिसल गया और वह डिग्गी के गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा. उसे डूबता देखकर पास खड़े दूसरे मजदूर ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी पानी में डूब गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. रात्रि में एनडीआरएफ टीम और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों युवकों के शवों को डिग्गी से बाहर निकाला गया.