ETV Bharat / state

रेवाड़ी में खूनी गैंगवार: बाइक सवार युवकों को गाड़ियों ने घेरा, फिर मारी टक्कर, लाठी-डंडों से किया वार, दो युवकों की मौत, एक घायल

रेवाड़ी के गोकलपुर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष में कार से कुचलकर दो युवकों की मौत हो गई. वहीं, तीसरा युवक घायल है.

Rewari gang war
रेवाड़ी में खूनी गैंगवार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 22, 2026 at 12:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले के गांव गोकलपुर में शुक्रवार दोपहर बाद दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. करीब आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों और दो दर्जन से ज्यादा बाइक सवार युवकों के बीच हुए विवाद में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

कार की टक्कर के बाद हमला: घायल की मानें तो बाइक सवार युवकों को गाड़ियों में सवार युवकों ने घेर लिया. आरोप है कि पहले बाइक को कार से टक्कर मारी गई, जिससे युवक सड़क के नीचे जा गिरा. इसके बाद उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया. आरोप है कि बाद में कार चढ़ाकर उसे कुचल दिया गया. इससे दो युवक की मौत हो गई. मृतकों की पहचान गांव मांड्या निवासी करीब 22 वर्षीय जतिन उर्फ सिकंदर और उसके साथी हिमेश निवासी निगानिया के रूप में हुई है. सिकंदर गुरुग्राम की निजी कंपनी में काम करता था. उसकी करीब एक साल पहले शादी हुई थी और उसकी दो माह की बेटी है. तीसरे साथी यशपाल का उपचार चल रहा है.

घायल ने लगाया फायरिंग का आरोप: हमले में घायल यशपाल ने पुलिस को बताया कि, "मैं अपने साथियों के साथ बाइक पर बुढ़ाना चौक से घर जा रहा था. बुढ़ाना चौक की तरफ सात-आठ गाड़ियां पहले से घात लगाए खड़ी थीं. हमें देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. टक्कर लगने के बाद वह सड़क से नीचे गिर गया और आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद गाड़ी चढ़ा दी." यशपाल ने दावा किया कि घटना के दौरान करीब 10 से 15 फायर किए गए. उसने यह भी बताया कि वारदात में शामिल कई युवक आसपास के गांवों के रहने वाले हैं. हालांकि पुलिस ने अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.

Rewari gang war
रेवाड़ी के गोकलपुर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष (ETV Bharat)

बाइक पर चिपका रखी थी टेप: घायल के मुताबिक घटनास्थल पर पड़ी करीब दो बाइकों की नंबर प्लेट पर टेप चिपकी मिली, जिससे नंबर पहचानना मुश्किल था. बाइक सवार युवकों के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार होने की बात भी सामने आई है. घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर तीन और बाइक मिली हैं. पुलिस दोनों गुटों की पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है.

रेवाड़ी में खूनी गैंगवार: दो युवकों की मौत, एक घायल (ETV Bharat)

एक दिन पहले भी हुआ था विवाद: स्थानीय लोगों की मानें तो दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से रंजिश चली आ रही थी. इससे एक दिन पहले गुरुवार को रेवाड़ी शहर के दिल्ली रोड स्थित केएलपी कॉलेज के बाहर भी लड़ाई-झगड़ा हुआ था. पुलिस अब इस विवाद को गोकलपुर की वारदात से जोड़कर भी जांच कर रही है.

फायरिंग की पुष्टि नहीं: इस पूरे मामले में सदर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि, "सूचना मिली थी कि एक कार सवार युवक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया. इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. तीसरे युवक का इलाज चल रहा है. घायल युवक ने बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने का दावा किया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घायल के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है."

ये भी पढ़ें:झज्जर पुलिस ने निकाली बदमाशों की 'बारात', बीच बाजार पैदल घुमाया, अपहरण कर युवक से मारपीट का आरोप