बिहार में बस और कार की भीषण टक्कर, दो की मौके पर मौत.. गैस कटर से निकाले गए शव
मुजफ्फरपुर में बस और कार की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद बस चालक फरार हो गया.

Published : February 10, 2026 at 11:44 AM IST
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो लोगों की जान ले ली. यह दुर्घटना लालू छपरा के पास हुई, जहां यात्री बस और दिल्ली रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
कार के उड़े परखच्चे: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बेतिया और अरेराज से यात्रियों को लेकर पटना की ओर जा रही थी. लालू छपरा के पास बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर की मार से कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों लोग कार में बुरी तरह फंस गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बस में सवार यात्री भी सदमे में थे.
"बस बेतिया और अरेराज से यात्रियों को लेकर पटना की ओर जा रही थी. इसी दौरान लालू छपरा के पास बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई."-प्रत्यक्षदर्शी
गैस कटर की मदद से निकाले गये शव: हादसे के तुरंत बाद बस चालक बस को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन कार की बुरी हालत के कारण शवों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया. बाद में पारू थाना पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया.
कहां के हैं मृतक: पारू के प्रभारी थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. कार का रजिस्ट्रेशन दिल्ली का होने से आशंका जताई जा रही है कि दोनों व्यक्ति बाहर के राज्य के निवासी हो सकते हैं. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार बस चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
"दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बस को जब्त कर लिया गया है. फरार चालक के लिए छापेमारी की जा रही है."-आलोक कुमार यादव, प्रभारी थानाध्यक्ष, पारू
तेज रफ्तार ने ली जान: हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश है. लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की जांच-पड़ताल और सख्त ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है. कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस सड़क पर अक्सर ओवरटेकिंग और तेज गति के कारण छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं, लेकिन इस बार दुर्घटना ने दो मासूम जिंदगियां छीन लीं.
ये भी पढ़ें-
बिहार में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, चार श्रद्धालुओं की मौत
पटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत, मनेर उर्स मेला से लौट रहे थे सभी

