दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे में दो की मौत, चार घायल, जांच में जुटे पुलिस अधिकारी
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह में हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं 4 लोग घायल हो गए.

Published : June 19, 2026 at 5:59 PM IST
नूंहः दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर नगीना थाना क्षेत्र के गांव मरोड़ा कट के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसा हुआ. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है.

चारों घायलों का जारी है इलाजः जानकारी के अनुसार, इनोवा कार में कुल छह लोग सवार थे, जो किसी कार्य से दिल्ली गए हुए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे. एक्सप्रेसवे पर मरोड़ कट के पास वाहन रुकने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार एक बड़े वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार विपिन पुत्र शहाबुद्दीन (38 वर्ष), निवासी बवाना, दिल्ली और मूसा उर्फ मौसम (45 वर्ष), निवासी तेड जिला नूंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए.
राहत बचाव में जुटी पुलिसः घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. विपिन का शव माडीखेड़ा अस्पताल में और मूसा उर्फ मौसम का शव नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया. अस्पताल प्रशासन ने भी हादसे में विपिन की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि "आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया गया है."

वाहन रूकने के कुछ देर बाद हुआ हादसाः मृतक विपिन के परिजन दिलशाद ने बताया कि परिवार के सदस्य एक दिन पहले रिश्तेदारी में आए थे और वापस लौट रहे थे. उनके अनुसार, "एक्सप्रेसवे पर करीब 20-22 किलोमीटर चलने के बाद वाहन रुकने के दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ."
सड़क पर आये दिन हो रहे हैं हादसेः हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस नेता मुबीन तेडिया ने कहा कि "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है." उन्होंने दावा किया कि "दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के पीछे सड़क निर्माण की गुणवत्ता भी एक कारण हो सकती है. उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में कई तकनीकी खामियां और अनियमितताएं रही हैं, जिसके कारण सड़क कई स्थानों पर असंतुलित दिखाई देती है और आए दिन हादसे हो रहे हैं. हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है."
जांच में जुटी पुलिसः फिलहाल नगीना थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन के पहचान में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

