मेरठ के युवक उत्तराखंड में हुए हादसे के शिकार, खाई में गिरी कार, दो की मौत
अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. दोनों युवक के सैनिक विहार के रहने वाले थे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 2:25 PM IST
|Updated : July 6, 2026 at 8:28 PM IST
मेरठ: उत्तराखंड के चकराता में घूमने गए मेरठ के दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा देहरादून के साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर कलेथा गांव के पास हुआ, जहां कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित सैनिक विहार के रहने वाले थे.
उत्तराखंड के चकराता में घूमने गए मेरठ के दो युवकों की कार हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा देहरादून के साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर कलेथा गांव के पास हुआ. हुंडई i20 कार (UP15DB8712) अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित सैनिक विहार के रहने वाले थे. कार में उनके साथ सवार 3 अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शैंकी (24) और ऋषभ के रूप में हुई है. दोनों कंकरखेड़ा के सैनिक विहार के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ वीकेंड पर पहाड़ी इलाके की वादियों में घूमने निकले थे. जैसे ही सोमवार को यह खबर मेरठ के सैनिक विहार पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. दोनों युवकों के घरों पर सांत्वना देने वालों की भीड़ जमा हो गई है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जब कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी. कार गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल पुलिस, तहसील प्रशासन और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही कालसी व चकराता थाना पुलिस, तहसील कर्मी और डाकपत्थर से फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने भारी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला. घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है. स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाल लिया था.
कालसी थाना प्रभारी सुमित सिंह ने बताया कि कलेथा गांव के पास एक कार के अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें से दो युवकों (शैंकी और ऋषभ, निवासी सैनिक विहार, मेरठ) की मौके पर ही मौत हो गई थी.
तीन अन्य घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मेरठ में उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है. शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण पहाड़ी मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना लग रहा है, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मेरठ में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत
यह भी पढ़ें: मेरठ में बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार दोस्तों को रौंदा, एक की मौत; ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

