भिवानी में टायर पंचर की दुकान में हादसा, हवा की टंकी फटने से दुकानदार सहित दो की मौत, दो की हालत गंभीर
भिवानी के मंढ़ौली कलां में टायर पंचर दुकान में हवा की टंकी फटने से दो की मौत हो गई.

Published : December 23, 2025 at 4:13 PM IST
भिवानी: भिवानी के मंढ़ौली कलां गांव में सोमवार सुबह एक टायर ट्यूब पंचर की दुकान पर हवा भरने की टंकी अचानक फट गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ. हादसे में दुकानदार सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब दुकान खोली जा रही थी.
ऐसे हुआ हादसा: प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो 25 वर्षीय ऋषि रोजाना की तरह सुबह अपनी टायर पंचर की दुकान खोलकर काम में जुटा हुआ था. उसने कंप्रेसर से हवा की टंकी का बटन दबाया और अपना काम करने लगा. इसी दौरान अचानक हवा की टंकी में विस्फोट हो गया. टंकी फटते ही उसके टुकड़े और दुकान का सामान चारों ओर छर्रों की तरह फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दो की मौत, 2 की हालत गंभीर: इस धमाके में दुकानदार ऋषि और दुकान के गेट पर खड़े गांव मंढ़ौली कलां निवासी 33 वर्षीय बिजेंद्र को गंभीर चोटें आईं. दोनों को तुरंत हिसार मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, दुकान के सामने से गुजर रहा 17 वर्षीय छात्र सुमित और पास ही बैठा 18 वर्षीय राहुल भी विस्फोट की चपेट में आ गया. सुमित की गर्दन में टंकी का मलबा लगा, जबकि राहुल को भी गंभीर चोटें आई हैं. दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.
आसपास के लोगों ने की मदद: हादसे के बाद गांव लोगों ने बिना देरी किए राहगीरों और घायलों के परिजनों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया. हालांकि, ऋषि और बिजेंद्र की जान नहीं बचाई जा सकी. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण हवा की टंकी में अत्यधिक दबाव भरना बताया जा रहा है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें:बिजली कर्मचारियों की सरकार को चेतावनी, बोले-"ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी रद्द नहीं हुई तो करेंगे ब्लैकआउट"

