बीजापुर में बड़ी साजिश नाकाम, नक्सलियों के लगाए 10-10 किलो वजनी 2 IED मिले, ब्लास्ट कर किया गया निष्क्रिय
बीजापुर जिले के ईलमिड़ी–मुजालकांकेर मार्ग पर नक्सलियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम किया. जिले में लगातार IED बम मिलने का सिलसिला जारी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 7:10 PM IST
बीजापुर: जिले के थाना ईलमिड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा जवानों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली IED (बम) बरामद किए. साथ ही मौके पर ही बम को ब्लास्ट कर निष्क्रिय कर दिया गया. इसका एक वीडियो भी सामने आया है.
एरिया डॉमिनेशन के दौरान मिली सफलता
19 फरवरी 2026 को थाना ईलमिड़ी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (9/D कंपनी) और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की संयुक्त टीम ईलमिड़ी–मुजालकांकेर मार्ग पर एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान सड़क के बीचों-बीच सीरीज में लगाए गए 10-10 किलो वजनी दो IED बरामद किए गए.

समय रहते किया गया निष्क्रिय
पुलिस अधीक्षक डॉ. जीतेन्द्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरी सावधानी से दोनों विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया. अगर समय रहते इन बमों का पता नहीं चलता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी.
सुरक्षा बलों की सतर्कता से टली बड़ी घटना
सुरक्षा बलों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की साजिश नाकाम हो गई. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी रहेगा.

एक दिन पहले भी हुई बड़ी कार्रवाई
बीजापुर जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है. एक दिन पहले बुधवार को भी संयुक्त टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नक्सल स्मारक जैसे अवैध निर्माण और विस्फोटक सामग्री को नष्ट किया है.

