ETV Bharat / state

क्रिकेट ग्राउंड बना जंग का मैदान, युवकों के दो गुटों में मारपीट के बाद फायरिंग, एक युवक घायल

उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड बॉर्डर से सटे क्षेत्र में क्रिकेट विवाद के बाद युवक के घर पर फायरिंग करने का आरोप.

FIGHT BETWEEN TWO GROUPS
कॉन्सेप्ट इमेज (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 20, 2026 at 7:53 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर कोतवाली क्षेत्र में यूपी सीमा से सटे इलाके में क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट और कथित फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. घटना में एक युवक घायल हुआ है, जिसका मेडिकल कराया गया. रामपुर बिलासपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल रवाना कर दिया गया था. उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष के तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रुद्रपुर के सिटी-1 कॉलोनी के पास ग्राउंड से सटे यूपी क्षेत्र में क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच विवाद हो गया. घटना उधम सिंह नगर कोतवाली क्षेत्र की तेल मिल चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर–काशीपुर हाईवे स्थित तेल मिल के पास यूपी के बिलासपुर थाना क्षेत्र के डिबडिबा इलाके में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे. इसी दौरान वहां कुछ अन्य युवक पहुंच गए. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें आशु नाम का एक युवक घायल हो गया.

FIGHT BETWEEN TWO GROUPS
घायल युवक के घर पर हुई फायरिंग (Photo-ETV Bharat)

घटना के बाद दोनों पक्ष बिलासपुर कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस की निगरानी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी हो गया था और वे अपने-अपने घर चले गए थे. हालांकि आरोप है कि शाम करीब सात बजे फिर से कुछ लोग घायल युवक आशु के घर पर तीन से चार राउंड फायरिंग की. फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया.

घटना स्थल बॉर्डर क्षेत्र में होने के कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है. बिलासपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है, अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायती पत्र नहीं दिया है. शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

घायल युवक आशु का कहना है कि वो मैच खेलने गए थे, तभी चार पांच युवक उसे मारने आ गए. इस दौरान हाथापाई हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे. उन्होंने आरोप लगाया कि एक युवक के हाथ में तमंचा भी था. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हॉस्पिटल लेकर गई. हॉस्पिटल से घर लौटने पर युवक फिर आए और घर पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए. घटना के वक्त सभी परिजन घर पर ही थे.

पढ़ें-