गुरुग्राम में पैसों को लेकर बवाल, दो गुटों में मारपीट के बाद फायरिंग, गाड़ियों में भी तोड़फोड़
हरियाणा के गुरुग्राम में पैसों के विवाद को लेकर दो गुटों में लाठी-डंडे चले और फिर गोलीबारी हुई.

Published : June 11, 2026 at 10:35 PM IST
|Updated : June 11, 2026 at 10:44 PM IST
गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम में उस समय सनसनी फैल गई जब दो पक्षों के बीच रुपये के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले लाठी-डंडे चले और फिर गोलीबारी हो गई. घटना में एक युवक के पैर में गोली लगने से वो घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, दोनों पक्षों की दो गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं.
दो गुटों में मारपीट के बाद तोड़फोड़ : जानकारी के अनुसार, घटना सेक्टर-10 स्थित एल्पाइन स्कूल के पास हुई है. पुलिस के मुताबिक गांव खेड़ी पदमपुर निवासी अर्जुन और अक्षय के बीच पैसों का विवाद चल रहा था. करीब साढ़े पांच लाख रुपये की लेनदेन में चार लाख रुपये का भुगतान हो चुका था, जबकि बाकी रकम को लेकर विवाद बना हुआ था. इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ सेक्टर-10 स्थित आशीष के कार्यालय पहुंचे. बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से करीब एक-एक दर्जन लोग मौजूद थे. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की. आरोप है कि मारपीट के दौरान अर्जुन पक्ष के साथ आए एक युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. गोली अक्षय पक्ष के साथ आए गांव गाडौली निवासी सिकंदर के पैर में लगी, जिससे वो घायल हो गया. घटना के बाद सभी आरोपी मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए.
मामले की जांच जारी : वहीं सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद कथित तौर पर पैसों को लेकर हुआ था. हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हांसी में जिम संचालक की गोली मारकर हत्या, फायरिंग में युवती भी घायल, सीसीटीवी में कैद वारदात
ये भी पढ़ें : झज्जर में युवक की गोली मारकर हत्या, 20 से ज्यादा गोलियां दनादन बरसाईं गई, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
ये भी पढ़ें : पहले पत्नी-बेटे को मारी गोली, फिर शव के पास बैठकर रोता रहा आरोपी, गुरुग्राम में डबल मर्डर से सनसनी

