हेडमास्टर गिरफ्तार, राजकीय पुरस्कार के लिए हुआ था चयन.. बक्सर वीडियो कांड में टीचर पर पॉक्सो का केस
आपत्तिजनक वीडियो बनाने के मामले में बक्सर के दो सरकारी शिक्षकों पर गाज गिरी है. दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है. रिपोर्ट- उमेश पांडेय

Published : September 3, 2026 at 2:08 PM IST
बक्सर: शिक्षा विभाग ने बक्सर के दो सरकारी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की है. आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने के गंभीर आरोपों के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है. विभाग ने ग्रामीणों की शिकायत के बाद ये एक्शन लिया है. साथ ही मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
दो सरकारी शिक्षक निलंबित
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरांव की ओर से 31 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजी गई. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर दोनों शिक्षकों को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया.
निलंबित शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, राजपुर और अरविंद कुमार का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, चक्की निर्धारित किया गया है. विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
"दोनों शिक्षकों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. ग्रामीणों ने दोनों के खिलाफ शिकायत की थी. जिसके बाद विभागीय कार्रवाई की गई है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है."- इंद्र कुमार कर्ण, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर
वीडियो वायरल होने से खुला मामला
दोनों शिक्षकों पर नाबालिग छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का गंभीर आरोप है. शिकायत में छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी देने से जुड़े ऑडियो का भी उल्लेख किया गया है. आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार की नियुक्ति वर्ष 2024 में TRE-2 के तहत हुई थी.
पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
बक्सर एसपी शुभम आर्या ने बताया कि इस मामले में हमें एक स्कूल के दो टीचरों से जुड़े एक वायरल वीडियो के बारे में जानकारी मिली. वीडियो में आपत्तिजनक कंटेंट दिखाया गया था. हमने तुरंत वेरिफिकेशन की कार्रवाई शुरू की. इसमें शामिल लोगों की पहचान स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन के दूसरे सदस्यों ने की. इसके बाद, कृष्णाब्रह्म थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई, और जानकारी छुपाने के कारण स्कूल के हेडमास्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
''दो मुख्य आरोपी स्कूल के टीचर हैं. इसके अलावा, एक और टीचर की भूमिका सामने आई है, जिसने कथित तौर पर दो मुख्य आरोपियों की मदद की और उन्हें उकसाया. उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. हम दो मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी भी जारी रखे हुए हैं. शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि लड़की स्कूल की पुरानी स्टूडेंट है. हम दूसरे स्टूडेंट्स से जुड़े मामलों की भी जांच कर रहे हैं. तीन पुराने स्टूडेंट्स के बारे में जानकारी सामने आई है. स्टूडेंट की उम्र 18 साल से कम है." - शुभम आर्या, एसपी, बक्सर
हेडमास्टर के सम्मान समारोह पर रोक
वहीं, शिक्षा विभाग ने शिक्षक दिवस पर हेडमास्टर इमाम अली अंसारी को मिलने वाले सम्मान पर रोक लगा दी है. ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ''शिकायत के बाद ये फैसला लिया गया है.''
ये भी पढ़ें: माथे पर तिलक लगाकर स्कूल पहुंचा छात्र तो शिक्षक ने की पिटाई..! बोले- कैसा गंवार है तुम्हारा मां-बाप

