रक्सौल बॉर्डर से दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार, स्विट्जरलैंड की महिला और म्यांमार का है युवक
रक्सौल के हरैया थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को बिना वीजा-पासपोर्ट के हिरासत में लिया. महिला स्विट्जरलैंड और युवक म्यांमार का है.

Published : June 9, 2026 at 1:34 PM IST
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक स्विट्जरलैंड की महिला और म्यांमार का एक युवक शामिल है. दोनों पर बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है.
हिरासत में दो विदेशी नागरिक: हरैया थाना पुलिस नियमित जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान कस्टम चौक के पास दो संदिग्ध विदेशी नागरिक नजर आए. पुलिस ने रोककर उनसे पूछताछ की और यात्रा संबंधी दस्तावेज मांगे. जांच में दोनों के पास भारत में प्रवेश के लिए जरूरी वैध वीजा और पासपोर्ट नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया.
बिना वीजा पासपोर्ट भारत में घुसे : गिरफ्तार विदेशियों की पहचान स्विट्जरलैंड की महिला नागरिक और म्यांमार के युवक के रूप में हुई है. पुलिस फिलहाल उनकी पहचान उजागर नहीं कर रही है. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों भारत आने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पाए और न ही यह बता सके कि वे किस रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल हुए.
"नियमित जांच के दौरान कस्टम चौक पर दो विदेशी नागरिक संदिग्ध अवस्था में मिले. उनके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं था. बिना वीजा-पासपोर्ट के भारत में प्रवेश करना विदेशी अधिनियम का उल्लंघन है. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है."- किशन पासवान, हरैया थाना प्रभारी
किस रास्ते आए भारत?: हरैया थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है. दोनों विदेशी नागरिकों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये दोनों किस मार्ग से भारत में दाखिल हुए. क्या ये नेपाल के रास्ते आए या किसी अन्य बॉर्डर से प्रवेश किया.
खुफिया एजेंसियों को दी गई सूचना: पुलिस भारत आने के पीछे के मकसद की भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इनका संबंध किसी संदिग्ध गतिविधि से तो नहीं है. मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है. एसएसबी और इमिग्रेशन विभाग से भी इनपुट लिए जा रहे हैं.
अवैध घुसपैठ रोकने के लिए जांच जारी: भारत-नेपाल सीमा खुली सीमा है. रक्सौल बॉर्डर से अक्सर बिना दस्तावेज के आवाजाही की शिकायतें मिलती रहती हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क रहती हैं. हरैया थाना पुलिस का यह अभियान इसी सतर्कता का हिस्सा था. पुलिस का कहना है कि सीमा पर अवैध घुसपैठ रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
स्विट्जरलैंड और म्यांमार के नागरिकों का बिना दस्तावेज भारत में पकड़ा जाना सुरक्षा के लिहाज से बड़ा मामला है. पुलिस और एजेंसियां अब इनके नेटवर्क और मंशा की तह तक जाने में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें
प्रधानमंत्री मोदी ने अवैध घुसपैठ से निपटने के लिए डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की
बिहार में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर 12 हजार नशीला इंजेक्शन बरामद, दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
रक्सौल बॉर्डर पर बढ़ा खतरा! 11 संदिग्धों के इनपुट के बाद हाई अलर्ट पर इंडो-नेपाल बॉर्डर

