ETV Bharat / state

कन्नौज में दो भीषण सड़क हादसे; 4 लोगों की मौत, मृतकों में बिहार के कांग्रेस नेता भी शामिल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे कार खंभे से टकराई, नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचला

कन्नौज में हादसा.
कन्नौज में हादसा. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 2, 2026 at 12:58 PM IST

|

Updated : May 2, 2026 at 2:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कन्नौज: जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने ऐसा कहर बरपाया कि चार जिंदगियां छिन गईं. मृतकों में कांग्रेस नेता प्रवीन कुशवाहा और उनकी साली भी शामिल हैं. दूसरे हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

पहला हादसा तालग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार दोपहर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ. कार चालक विनोद मंडल (40) निवासी भागलपुर, बिहार के साथ प्रवीण सिंह एवं उनकी साली सपना कुमारी (दोनों निवासी भागलपुर) और विभु आर्यन (निवासी शोभागंज सासाराम, रोहतास बिहार) दिल्ली से पटना जा रहे थे. चालक को नींद आ जाने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती हुई पिलर से भिड़ गई. इस हादसे में प्रवीण सिंह एवं कुमारी सपना गंभीर रूप से घायल हो गए. चालक विनोद मंडल एवं विभु आर्यन को सामान्य चोटें आईं.

घायल कांग्रेस नेता प्रवीन कुशवाहा और उनकी साली को तत्काल लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया. बताते हैं कि प्रवीन कुशवाहा बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके थे और क्षेत्र में एक सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे. तालग्राम थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने बताया कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ. हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं, जिनको मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.

दूसरी दर्दनाक घटना गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के सराय दौलत नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 7.10 बजे हुई, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया. दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

बताते हैं कि बाइक सवार गुरसहायगंज से छिबरामऊ की तरफ जा रहे थे. बाइक के पीछे राड रखी थी, जिसमे दूसरी बाइक का हैंडिल फंस गया. इससे दोनों बाइक सवार गिर गए. इसमें अंकेत विश्वकर्मा, रोहित (दोनों निवासी अमाई बभानियावन जौनपुर ) तथा दूसरी बाइक पर सवार मन्नू तिवारी (50) और दुर्गा (22) (निवासी सुभाष नगर कस्बा व थाना गुरसहायगंज जनपद कन्नौज) को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया. इसमें अंकेत विश्वकर्मा, मन्नू तिवारी की मौत हो गई. रोहित को प्राथमिक उपचार के उपरान्त जिला अस्पताल कन्नौज रेफर कर दिया गया है तथा दुर्गा की हालत खतरे से बाहर है.

गुरसहायगंज कोतवाली इलाके में हुए सड़क हादसे में कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है. मामले की जांच की जा रही है. इन दो अलग-अलग हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है, लेकिन इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पूरे इलाके में शोक व्याप्त है.

यह भी पढ़ें: यूपी में आउटसोर्स कर्मियों के लिए नए नियम, साप्ताहिक अवकाश-कार्य समय तय, वेतन पर ये प्रावधान

Last Updated : May 2, 2026 at 2:01 PM IST