ETV Bharat / state

जींद में व्यापारी से रंगदारी मामले में बदमाश अनूप-गौरव गिरफ्तार, बोले- “बदमाशी में नाम चमकाने की चाह में की थी फायरिंग”

जींद के नरवाना में व्यापारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने और फायरिंग मामले में बदमाश अनूप-गौरव को गिरफ्तार कर लिया.

Two Extortion Accused Arrested in Jind
जींद में व्यापारी से रंगदारी मामले में बदमाश अनूप-गौरव गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 17, 2025 at 5:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जींद: जिले के नरवाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक दुकानदार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए बदमाशों ने दुकान पर फायरिंग कर दी थी. इस घटना ने न केवल व्यापारी वर्ग बल्कि पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी. मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है.

दुकानदार से मांगी गई थी 50 लाख की फिरौती: इस पूरे मामले में एसपी कुलदीप सिंह ने प्रेस वार्ता की. प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि, “नरवाना के व्यापारी नरेश जैन की दुकान पर बदमाशों ने फायर कर एक पर्ची छोड़ी थी, जिसमें 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी. घटना के बाद व्यापारी और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की.”

पुलिस ने बनाई विशेष टीम: एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि, “घटना के तुरंत बाद सीआईए और सिटी थाना नरवाना को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए. इसके लिए एक विशेष बेस्ट टीम का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया तंत्र और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई.”

रंगदारी मामले में बदमाश अनूप-गौरव गिरफ्तार (ETV Bharat)

मुख्य आरोपी अनूप से हुई मुठभेड़:सीआईए नरवाना टीम ने मंगलवार को मुख्य आरोपी अनूप को राउंडअप किया. इस दौरान अनूप ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं. एक गोली सीआईए इंचार्ज सुखदेव को लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई. इस बीच पुलिस ने मौके से अनूप को हिरासत में ले लिया.

हथियार और कारतूस बरामद:पुलिस ने अनूप के पास से अवैध हथियार बरामद किए हैं. उसके पास से जिंदा कारतूस मिले हैं. इसके अलावा एक हथियार भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने निकला था.

दूसरा आरोपी गौरव भी गिरफ्तार:अनूप के साथी गौरव को नरवाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी इस मामले में शामिल पाए गए हैं. गौरव नरवाना का रहने वाला है, हालांकि उसका जिला अलग बताया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस वारदात में फिलहाल दो ही आरोपी सामने आए हैं और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले:पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अनूप पर पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के प्रयास और स्नैचिंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. अब इस घटना के बाद उस पर दो और मामले दर्ज किए गए हैं. इस तरह अनूप पर कुल सात मामले हो चुके हैं. अनूप जींद जिले के बेलरखां गांव का निवासी है और 12वीं पास बताया गया है.

गैंग बनाने की थी मंशा:पुलिस जांच में सामने आया है कि अनूप और उसका साथी किसी बड़े गैंग से जुड़े नहीं थे. वे इलाके में डर का माहौल बनाकर बदमाशी के मामलों में अपना नाम चमकाना चाहते थे और अपनी अलग गैंग बनाने की फिराक में थे. इसी उद्देश्य से उन्होंने फिरौती और फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम दिया.

दोनों पर था इनाम घोषित:पुलिस की मानें तो अनूप और गौरव दोनों पर पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. घायल अनूप को फिलहाल राउंडअप में रखा गया है और ठीक होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि जींद में अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

अन्य अपराधियों की तलाश जारी:एसपी ने बताया कि, “मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस मामले में कोई और अपराधी या जेल में बंद कोई व्यक्ति शामिल है. पुलिस को शक है कि पहले के संपर्कों के चलते कुछ और लोग भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं.”

ऑपरेशन ट्रैक डाउन की सफलता: एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पुलिस अब तक 70 में से 69 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है. केवल एक आरोपी अमित फरार है, जिसे जल्द पकड़ लिया जाएगा. इस अभियान से पुलिस की छवि में सुधार हुआ है और अपराधियों में डर बना है.

ये भी पढ़ें:सिरसा में अपहरण के बाद बच्ची की हत्या, रिसालियाखेड़ा माइनर की टेल के पास मिला शव