ETV Bharat / state

नूंह पुलिस की सख्त कार्रवाई, दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर खतरनाक ट्रक स्टंट करने वाले दोनों ड्राइवर गिरफ्तार

3 फरवरी को दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर खतरनाक ट्रक स्टंट करने वाले दोनों चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

TRUCK DRIVER STUNT ON EXPRESSWAY
दिल्ली मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर स्टंट करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 10:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंहः दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेस वे पर ट्रक कंटेनर चालकों द्वारा किए गए जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. इसके बाद नूंह पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है. दोनों चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाने का 2 अलग-अलग मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. सार्वजनिक माफी और थाना स्तर से ही कानूनी कार्रवाई कर दोनों को छोड़ दिया गया.

3 फरवरी का है मामलाः यह घटना 3 फरवरी को शाम करीब 4 बजे फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर चैनल नंबर 74 के पास गांव रीगड़ के निकट हुई. दो अलग-अलग ट्रक कंटेनर चालकों ने तेज गति से वाहन को लहराते हुए चलाया और खतरनाक स्टंट किए, जिससे अन्य वाहन चालकों तथा यात्रियों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया. एक जागरूक राहगीर ने इन दोनों ट्रकों के स्टंट के दो अलग-अलग वीडियो बनाए और पुलिस को सौंप दिए. ये वीडियो व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गए.

दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर खतरनाक ट्रक स्टंट करने वाले दोनों चालक गिरफ्तार (Etv Bharat)

दूसरे चालक को भी किया गया गिरफ्तारः वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच शुरू की. पहले आरोपी की पहचान साबिर पुत्र सुलेमान के रूप में हुई जो राजस्थान के अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र का निवासी है. पुलिस ने उसे 8 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान दूसरे ट्रक चालक का भी पता चला. उसकी पहचान रईस पुत्र वहीद के रूप में हुई जो नूंह जिले के मालब थाना आकेड़ा क्षेत्र का निवासी है. पुलिस ने उसे 9 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया.

'यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा': गिरफ्तारी के बाद नूंह पुलिस ने दोनों आरोपियों से एक वीडियो बनाया, जिसमें दोनों चालक कान पकड़कर अपनी गलती के लिए माफी मांग रहे हैं और दोबारा ऐसा न करने की बात कर रहे हैं. पुलिस ने ट्रकों को भी जब्त कर लिया है. अजायब सिंह डीएसपी फिरोजपुर झिरका ने बताया कि "ऐसे लापरवाह और खतरनाक कृत्य न केवल अन्य यात्रियों की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि बड़े हादसे का कारण भी बन सकते हैं. गनीमत रही कि इस बार कोई दुर्घटना नहीं हुई. नूंह पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

ये भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ड्राइवर का डेंजरस स्टंट, वीडियो वायरल होने पर पुुलिस ने किया गिरफ्तार