बूंदी में राज्य कुश्ती चैंपियनशिप: महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम और फुर्ती
दो दिवसीय प्रतियोगिता का 7 जुलाई को समापन. मंत्री बेढम करेंगे विजेताओं का सम्मान.

Published : July 6, 2026 at 9:11 PM IST
बूंदी: दो दिवसीय राजस्थान राज्य कुश्ती चैंपियनशिप के पहले दिन सोमवार को प्रदेशभर से आए पहलवानों ने दमखम, दाव-पेंच, फुर्ती और तकनीकी कौशल दिखाया. राजस्थान कुश्ती संघ की ओर से प्रतियोगिता में खेल संकुल स्थित अखाड़े तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे. महिला और पुरुष वर्गों में हुए कड़े मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा. पहले दिन महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया.
संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंद्र कुमार दत्ता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियन तैयार करती हैं. जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव एवं पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने राजस्थान कुश्ती संघ की प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. अतिथियों ने बालाजी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया. आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत किया. छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी.
सीकर की निशा और कोटा की प्रिया को गोल्ड: पहले दिन 57 किलो वर्ग में सीकर की निशा सैनी ने स्वर्ण, भीलवाड़ा की अक्षरा को रजत एवं हनुमानगढ़ की दीपिका को कांस्य पदक मिला. 50 किलो वर्ग में सीकर की कोमल वर्मा प्रथम, अजमेर की धन कंवर द्वितीय एवं भीलवाड़ा की काशिश गुर्जर और अजमेर की मानसुई संयुक्त रूप से तृतीय रहीं. 55 किलो वर्ग में कोटा की प्रिया शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता जबकि भीलवाड़ा की कविता माली उप विजेता रहीं. सीकर की अर्पिता कुमावत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.

विभिन्न वर्गों में विजेता: 59 किलो वर्ग में भरतपुर की बबली कौशिक प्रथम, भीलवाड़ा की सिमरन द्वितीय एवं उदयपुर की पलचीन जाट तृतीय रहीं. 62 किलो वर्ग में भरतपुर की पूजा गुर्जर विजेता, भीलवाड़ा की मनीषा उप विजेता एवं अजमेर की सुमन भाटी तीसरे स्थान पर रहीं. 53 किलो वर्ग में कोटा की दिव्या ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अलवर की अंतिम दूसरे स्थान पर रहीं. सीकर की ज्योति और भीलवाड़ा की आरती संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं. 65 किलो वर्ग में भीलवाड़ा की चंचल माली ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भरतपुर की साक्षी को रजत एवं जोधपुर की पलक यादव को कांस्य पदक मिला. दो दिवसीय प्रतियोगिता मंगलवार शाम संपन्न होगी. समापन समारोह में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम मुख्य अतिथि होंगे. वे विजेता पहलवानों को पुरस्कार प्रदान करेंगे.
पढ़ें: 136 पहलवान, कड़ा मुकाबला: लोहागढ़ केसरी पर मोहित फोगाट का कब्जा, दीपक नूरपुर रहे उपविजेता

