ETV Bharat / state

हरिद्वार में जानलेवा हमला करने वाले इनामी गिरफ्तार, फाइनेंस कर्मी बनकर हाईवे पर लूट मचाने वाले भी धरे

हरिद्वार में पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, दो इनामी दबोचे, काशीपुर में फाइनेंस कर्मी बनकर हाईवे पर लूट मचाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

deadly attack in Haridwar
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 26, 2026 at 5:06 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार/काशीपुर: हरिद्वार के थाना सिडकुल पुलिस ने लाठी डंडों और तलवारों से लैस होकर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

जबकि, मुख्य आरोपी विशाल और सूरज पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी कर ली गई है. वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और कुर्की की कार्रवाई की तैयारी भी पुलिस ने कर ली है.

सीओ सदर एसपी बलूनी ने बताया कि बीती 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली (पौड़ी) हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर ने एक तहरीर दी थी. जिस पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था.

आरोप था कि विशाल समेत 9 से10 लोगों ने एक राय होकर लाठी, डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था. हमले में भाई और जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था.

deadly attack in Haridwar
जानलेवा हमला करने वाले दो इनामी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- Police)

वीडियो भी आया था सामने: मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था. जिसमें हमलावर हाथों में लाठी डंडों और तलवारो से लैस होकर हमला करते दिखाई दिए थे. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों ने विशाल और सूरज ने ही अपने साथियों को मारपीट के लिए बुलाया था.

इस दौरान एक शख्स को इतना मारा कि वो बेहोश होकर गिर पड़ा. इसे मृत समझकर सभी हमलावर फरार हो गए, लेकिन शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और पुलिस टीम का गठन करते हुए मामले की जांच दरोगा देवेंद्र सिंह चौहान को सौंपी गई थी.

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजी चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे.

अब पुलिस टीम ने फरार चल रहे दोनो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में विशाल पुत्र स्वर्गीय रविंदर उर्फ पप्पू निवासी हेतमपुर, सिडकुल और सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीण निवासी ग्राम हेतमपुर, सिडकुल शामिल हैं.

"जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है."- एसपी बलूनी, सीओ सदर

"इसके अलावा फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से कुर्की की कार्रवाई की तैयारी चल रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी."- एसपी बलूनी, सीओ सदर

काशीपुर में फाइनेंस कर्मी बनकर हाईवे पर लूट मचाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार: उधम सिंह नगर में हाईवे पर डंपर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. जिसमें पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर वाहनों को रोकते थे और तमंचे के बल पर चालकों से नकदी लूट लेते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट की नकदी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है.

पुलिस के मुताबिक, बीती 24 जून को मुरादाबाद निवासी आरिफ पुत्र भूरे ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई नासिर 18 जून को रामनगर से रेता भरकर डम्पर से मुरादाबाद जा रहा था. शाम करीब पांच बजे बल्ली ढाबा के पास दो कारों में सवार कुछ लोगों ने उसका वाहन रोक लिया.

आरोपियों में नवजोत उर्फ लक्की, विक्की और उनके अन्य साथी शामिल थे. आरोप है कि उन्होंने चालक के साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर उसकी जेब में रखे 11 हजार रुपए लूट लिए. साथ ही जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.

इसी दिन काशीपुर निवासी आलम पुत्र हाजी मोहम्मद उमर ने भी पुलिस को तहरीर दी. उसने बताया कि 18 जून की रात बांसखेड़ा पुल के नीचे दो कार सवार लोगों ने उसके डंपर को रोक लिया.

आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए वाहन की बकाया किश्त का हवाला दिया. विरोध करने पर उन्होंने तमंचा दिखाकर मारपीट की और डैशबोर्ड में रखे 24 हजार रुपये लूट लिए.

दोनों मामलों में कोतवाली आईटीआई में एफआईआर बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार दबिश दी.

बीती 25 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जैतपुर घोसी से बेगमाबाद जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की कार संख्या UK 17L 7139 से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने डंपर चालकों को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर रोकने और तमंचे के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमेज सिंह उर्फ विक्की (उम्र 25 वर्ष) निवासी करघटिया फार्म, सितारगंज और गुरविंदर सिंह (उम्र 22 वर्ष) निवासी आजाद नगर, किच्छा के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूट के 15 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है.

ये भी पढ़ें-