मेरठ में स्कूल परिसर में कक्षा 7 की दो छात्राओं ने खाया जहरीला पदार्थ; हालत गंभीर
स्कूल पहुंचने के कुछ देर बाद ही दोनों की हालत बिगड़ी, पुलिस छानबीन में जुटी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 6:37 PM IST
मेरठ: जिले के इंचोली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां के ग्राम जमालपुर स्थित एक स्कूल में मंगलवार सुबह कक्षा सातवीं की दो छात्राओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया. छात्राओं ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है. दूसरी ओर छात्राओं के परिजनों ने भी इस बारे में अनभिज्ञता जारी की है. पुलिस स्कूल के स्टाफ और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक निजी स्कूल में छात्राओं ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की. उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई. छात्राओं को तड़पता देख स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए स्कूल संचालक ने तुरंत परिजनों को सूचित किया. बिना समय गंवाए दोनों छात्राओं को देहरादून नेशनल हाईवे-58 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल दोनों छात्राएं डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका उपचार जारी है.
इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. छात्राओं के परिवार वाले इस आत्मघाती कदम से स्तब्ध हैं. उनका कहना है कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि बच्चियों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया. वहीं इस पूरे मामले में थाना इंचोली पुलिस स्कूल स्टाफ, सहपाठियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: अतीक-अशरफ के आतंक का अंत, फिर भी खौफ के साये में क्यों है उमेश पाल का परिवार ?

