ETV Bharat / state

गढ़वा में एक ही परिवार के दो बच्चों की अज्ञात बीमारी से मौत, तीन की अभी भी करा रहे इलाज, आर्थिक तंगी बनी कारण

गढ़वा में एक ही परिवार के दो बच्चों की अज्ञात बीमारी से मौत हो गई है. जबकि तीन लोगों का इलाज अभी भी जारी है. विनय पांडेय की रिपोर्ट.

2 children die of unknown illness
पीड़ित परिवार के घर गांव के लोग और पुलिस (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 23, 2026 at 3:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गढ़वा: जिले के केतार थाना क्षेत्र में एक ही घर के चार लोग बीमार पड़े. इनमें से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन सदस्य अभी इलाज करा रहे हैं. पीड़ित आदिम जनजाति समुदाय के हैं. समय पर इलाज न मिल पाने के कारण मौत हुई. आर्थिक तंगी भी समय पर इलाज न हो पाने का बड़ा कारण बनी. अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया. घटना से गांव में सनसनी फैल गई है. स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम गांव पहुंच चुकी है.

पाचाडुमर गांव के धंगरडीहा टोला में घटना

केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के आदिवासी बहुल धंगरडीहा टोला में एक ही घर में बुखार से दो सगे भाइयों की मौत हो गई. मृतकों में बुद्धिनारायण सिंह चेरो के सात वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और दस वर्षीय पुत्र सोनू कुमार शामिल हैं. वहीं, बुद्धिनारायण सिंह चेरो और उनके 12 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार की तबीयत भी खराब बताई जा रही है. एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत और अन्य सदस्यों के बीमार होने से गांव में चिंता का माहौल है.

आर्थिक तंगी के कारण समय पर इलाज नहीं हो सका

परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चों को पिछले दो दिनों से तेज बुखार था. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनका समुचित इलाज समय पर नहीं कराया जा सका. अचानक दोनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया.

स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम गांव पहुंची

घटना के बाद आज रविवार को स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम केतार के इस गांव में पहुंची. टीम गांव में मौजूद सभी घरों के अन्य पीड़ितों का इलाज कर रही है.

पुलिस मौके पर पहुंची, परिवार को ढांढस

घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा बीमार सुशील कुमार और बुद्धिनारायण सिंह को तत्काल इलाज कराने की सलाह दी. थाना प्रभारी ने परिजनों से दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कराने को कहा.

एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि, मामला संज्ञान में आने के बाद, हमारे थाना प्रभारी उस गांव पहुंचे जहां लोग बीमार थे, फिर पुलिस द्वारा बीमार लोगों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां इलाज जारी है, दो बच्चों की मौत हो चुकी है. उस गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां कैंप की है.

सीएस ने क्या कहा

वहीं, गढ़वा सीएस जॉन एफ कैनेडी ने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि दो बच्चों की मौत हुई है, बाकी लोगों का इलाज चल रहा है, स्थिति को देखते हुए पंचादुमार गांव में लगातार स्वास्थ कैंप लगाया गया है.

गांव में चर्चाएं शुरू, चिंता बढ़ी

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, बच्चों की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार के अन्य सदस्यों के बीमार होने से मामले को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें:

पूर्वी सिंहभूम में विकास के दावों की हकीकत, ग्रामीणों ने कंधों पर लादकर मरीज को पहुंचाया अस्पताल

दुमका में जहरीले फल का बीज खाने से कई बच्चे बीमार, छह का फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा इलाज