डूंगरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑटो पलटने से दो मासूम बच्चों की मौत, 8 लोग घायल
ऑटो पलटने से डेढ़ महीने और 3 साल के दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों अपनी मां की गोद में बैठे थे.

Published : February 19, 2026 at 4:05 PM IST
डूंगरपुर: जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में वेंजा मोड़ के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार दो छोटे बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में डेढ़ महीने का कृष और 3 साल का अरिहंत शामिल हैं. हादसे में परिवार के ही 8 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
चौरासी थाना एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि हादसे का कारण ओवरलोडिंग और ऑटो का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है. सभी लोग एक ही परिवार से थे और बेटी की डिलीवरी के डेढ़ महीने बाद 'पाण्णा' (ससुराल छोड़ने की रस्म) के लिए जा रहे थे. प्रियंका ने डेढ़ महीने पहले एक बेटे कृष को जन्म दिया था. वह अपने पीहर में रह रही थी. पीहर पक्ष के लोग नवजात बच्चे और मां को ससुराल छोड़ने के लिए ऑटो में सवार होकर निकले थे. इसमें 5 महिलाएं, एक 5 साल की बच्ची सरस्वती और अन्य सदस्य शामिल थे.
इसे भी पढ़ें- बीकानेर में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत
बच्चे अपनी माताओं की गोद में बैठे हुए थे: एएसआई के अनुसार कृष अपनी मां प्रियंका की गोद में और अरिहंत अपनी मां मंजुला की गोद में. ऑटो वेंजा मोड़ के पास पहुंचते ही पलट गया. हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोग घायल हो गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया.
हादसे में ये लोग घायल: हादसे में प्रियंका पत्नी बलदेव, माया (27) पत्नी नानूराम, बंशी (70) पुत्र नानजी कटारा, मंजुला (30) पत्नी कांतिलाल, कांता (60) पत्नी शंकरलाल, सरस्वती (5) पुत्री शांतिलाल, लक्ष्मी (25) पत्नी शांतिलाल, कांति (25) पुत्र नाना घायल हो गए है. अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि दोनों बच्चों के शव मोर्चरी में रखे गए हैं.
परिवार में मातम का माहौल: प्रियंका के पति बलदेव वागबोल निवासी हैं. वे अपने नवजात बेटे कृष के पहली बार घर आने का इंतजार कर रहे थे. घर में खुशी का माहौल था, मेहमानों के लिए पकवान बन रहे थे, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही पूरा परिवार शोक में डूब गया. बलदेव फूट-फूटकर रोने लगे. परिवार के अन्य सदस्य भी गमगीन हैं.
इसे भी पढ़ें- दर्दनाक : शादी में डांस करते समय DJ की गाड़ी ने रिवर्स में दो बच्चों को कुचला, मौत

