ETV Bharat / state

कांवड़ियों के भेष में आए थे यूपी और दिल्ली के बदमाश, रेकी के बाद चेन लूट की वारदात को देते थे अंजाम, अरेस्ट

कांवड़ियों के भेष में UP और दिल्ली के दो बदमाशों को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया. दोनों ने महिला से चेन स्नेचिंग की थी.

HARIDWAR CHAIN SNATCHERS ARRESTED
कांवड़ियों के भेष में आए थे यूपी और दिल्ली के बदमाश (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 24, 2026 at 7:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में भूदेव निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश और करण निवासी भजनपुरा, नई दिल्ली शामिल है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूदेव के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट, चेन स्नेचिंग और अवैध हथियार समेत कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले जेल जा चुका है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन भी बरामद की. एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी कांवड़ियों के भेष में हरिद्वार आए और पांच से छह दिन तक रहकर पहले रेकी की और बैरागी कैंप में महिला को अकेली पाकर चेन छीनकर फरार हो गए.

कांवड़ियों के भेष में आए थे यूपी और दिल्ली के बदमाश (VIDEO-ETV Bharat)

एसपी सिटी के मुताबिक, 21 अगस्त को कुश शर्मा निवासी फेस-3, जगजीतपुर ने कनखल थाने में शिकायत दी थी कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप में बाइक सवार दो युवकों ने उसकी पत्नी के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए. शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने वारदात के खुलासे के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए. सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले. बीते रविवार 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जियापोता के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई चेन बरामद हुई.

एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि, आरोपी भूदेव आपराधिक प्रवृत्ति का है. कई बार जेल जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसने दिल्ली निवासी करण को साथ लेकर चेन स्नेचिंग का गिरोह बनाया. दोनों कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार पहुंचे और भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने की फिराक में घूम रहे थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक रेकी की थी. इसके बाद बैरागी कैंप में महिला को निशाना बनाकर चेन झपट ली.

पुलिस ने बताया कि आरोपी भूदेव के खिलाफ ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास, जबकि बड़ौत में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है. दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें: