ETV Bharat / state

बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार, दूसरे के बदले देने आए थे एग्जाम

सिवान में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दो फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार. दोनों के पास अलग-अलग जन्मतिथि वाले दो प्रवेश पत्र और फर्जी दस्तावेज बरामद. पढ़ें-

BIHAR POLICE SIPAHI PARIKSHA Fraud
बिहार मद्य निषेध सिपाही परीक्षा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 18, 2026 at 8:05 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवान: बिहार के सिवान जिले से सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. 17 जून को केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थियों को पुलिस टीम और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार किया. दोनों के पास से फर्जी दस्तावेज और एक ही परीक्षा के दो अलग-अलग प्रवेश पत्र बरामद हुए हैं.

दो परीक्षा केंद्रों पर मुन्नाभाई पकड़ाए: गिरफ्तारी सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्र और दाउद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर हुई. प्रथम एवं द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए दोनों अभ्यर्थियों को पकड़ा गया. पूछताछ में उन्होंने अपनी असली पहचान बताई और परीक्षा में धांधली करने की बात स्वीकार की.

अभ्यर्थियों की पहचान और ठिकाना: गिरफ्तार अभ्यर्थियों में पटना के पीरपुरा थाना के त्रिलोकी कुमार का पुत्र सियाराम कुमार और जहानाबाद के मखदूमपुर थाना निवासी राजेश्वर यादव का पुत्र गौतम कुमार शामिल है. जांच के दौरान दोनों ने कबूल किया कि वे 14 जून 2026 को मोतिहारी और गोपालगंज जिलों में भी इसी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल हो चुके हैं.

बरामद हुए दोहरे प्रवेश पत्र: तलाशी के दौरान दोनों अभ्यर्थियों के पास से एक ही परीक्षा के दो अलग-अलग प्रवेश पत्र मिले, जिनमें जन्मतिथि अलग-अलग अंकित थी. पुलिस ने सभी संदिग्ध दस्तावेज जब्त कर लिए हैं. फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परीक्षा में बैठने की कोशिश इन अभ्यर्थियों द्वारा की गई थी.

पुलिस की कार्रवाई शुरू: सिवान पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. इस पूरे प्रकरण की जानकारी सिवान के एसपी पुरन कुमार झा ने दी है.

अन्य जिलों में भी परीक्षा में शामिल: जांच में पता चला है कि दोनों अभ्यर्थी विभिन्न जिलों में घूम-घूम कर परीक्षा दे रहे थे. 14 जून को मोतिहारी और गोपालगंज में परीक्षा देने के बाद 17 जून को सिवान पहुंचे थे. यह धांधली की व्यवस्थित तरीके से की गई कोशिश बताई जा रही है.

पुलिस की जनता से अपील: सिवान के एसपी पुरन कुमार झा ने कहा कि आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परीक्षा में अनियमितता, फर्जीवाड़ा या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर सूचना दें. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है.

"किसी भी परीक्षा में अनियमितता, फर्जीवाड़ा अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर सूचना दें."-पुरन कुमार झा, एसपी, सिवान

ये भी पढ़ें-

पटना रेलवे स्टेशन पर पत्थरबाजी, तोड़फोड़, सिपाही परीक्षा के परीक्षार्थियों का हंगामा

बिहार मद्य निषेध सिपाही परीक्षा: पाटलिपुत्र स्टेशन पर परीक्षार्थियों का पथराव, IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल