धनबाद जीटी रोड पर दो बसों की टक्कर, दर्जन भर यात्री घायल
धनबाद के चालीबंगला के समीप दो बसों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें दर्जन भर यात्री घायल हो गए. एक की हालत गंभीर है.

Published : November 4, 2025 at 1:10 PM IST
धनबादः सोमवार की देर रात राजगंज के चालीबंगला के समीप एक बड़ा हादसा हो गया. जहां दो बसों की आपस में हुई टक्कर से दर्जन भर यात्री घायल हो गए. राजगंज थाना की पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है.
घायल यात्रियों में एक की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि जामताड़ा से दो बसें बोकारो के लिए निकली थीं, मगर दोनों बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दोनों बसें आदिवासी मंच के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं. इस हादसे में दर्जनभर यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
ड्राइवर को भी आई गंभीर चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रही बस ने आगे चल रही दूसरी बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. पीछे की बस के ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि आगे वाली बस में सवार एक यात्री के पैर की हड्डी टूट गई है. इसके अलावा अन्य कई यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा. हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से बसों को हटाकर देर रात यातायात बहाल किया. फिलहाल पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दो बसों की आपस में टक्कर हुई है. दोनों बसें जामताड़ा से बोकारो जा रही थीं जिनमें कई यात्री सवार थे. इस हादसे में करीब दर्जन भर यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया है. अलीशा अग्रवाल, राजगंज थाना प्रभारी
इसे भी पढ़ें-
अनियंत्रित मोटरसाइकिल पेड़ से टकराई, युवक और युवती की हुई मौत
अनियंत्रित मोटरसाइकिल पेड़ से टकराई, युवक और युवती की हुई मौत

