यमुनानगर में भाई को बचाने के दौरान दूसरा भाई भी डूबा, पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा
यमुनानगर के बुड़िया क्षेत्र एक भाई डूबता देख दूसरा भाई बचाने के लिए नहर में कूदा. तेज बहाव में दोनों भाई बह गए.

Published : February 18, 2026 at 4:04 PM IST
यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर के बुड़िया क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. पश्चिमी यमुना नहर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई. दोनों भाई अपने घर की पूजा सामग्री प्रवाहित करने के लिए नहर पर आए थे, तभी यह हादसा हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.
देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए दोनों भाईः जानकारी के मुताबिक यह मामला यमुनानगर के बुढ़िया क्षेत्र का है, जहां पश्चिमी यमुना नहर में दो सगे भाइयों के डूबने की खबर से हड़कंप मच गया. भगवानगढ़ गांव के रहने वाले उदय और आर्यन अपने घर की हवन सामग्री को प्रवाहित करने के लिए नहर किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान एक भाई का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा. उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी तुरंत नहर में कूद गया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह भी खुद को संभाल नहीं पाया और दोनों देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए.
दोनों युवकों की तलाश में जुटे गोताखोरः घटना की सूचना मिलते ही बुढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि "उन्हें फोन के माध्यम से हादसे की जानकारी मिली थी. पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को बुलाया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. गोताखोर पश्चिमी यमुना नहर में लगातार दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है". हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
नहरों के किनारे सावधानी बरतने की अपीलः बुड़िया थाना के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि "फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश अभियान में जुटी हुई है. यह दर्दनाक घटना एक बार फिर तेज बहाव वाली नहरों के किनारे सावधानी बरतने की चेतावनी दे रही है."

