तस्करी का अजब खेल : इलेक्ट्रिक उपकरणों की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही थी शराब, दो गिरफ्तार
कंटेनर से अलग-अलग ब्रांड की 74 पेटी अग्रेंजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है.

Published : January 6, 2026 at 10:32 AM IST
|Updated : January 6, 2026 at 11:04 AM IST
डूंगरपुर : बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्वच्छता के तहत गुजरात तस्करी हो रही 8 लाख की हरियाणा निर्मित अवैध शराब पकड़ी है. राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया. इलेक्ट्रिक उपकरणों की आड़ में शराब को तस्करी कर गुजरात ले जाया जा रहा था. पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर समेत 2 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है.
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी को रोकने जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार की ओर से ऑपरेशन स्वच्छता चलाया जा रहा है. इसके तहत नेशनल हाईवे 48 के जरिए शराब तस्करी की सूचना मिली, जबकि गुजरात में शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंध है. बावजूद शराब तस्कर नए तरीकों से तस्करी से बाज नहीं आ रहे हैं. इस पर राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी शुरू कर दी. इस दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक बंद बॉडी कंटेनर को रुकवाया. ड्राइवर से पूछताछ करने पर वह सही जवाब नहीं दे सका. पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो इलेक्ट्रिक उपकरणों की आड़ में हरियाणा निर्मित अवैध शराब की पेटियां भरी हुई मिली, जिसके कोई कागजात नहीं मिले.
पढ़ें. नशे की तस्करी पर एक्शन: 15 लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त, नाइजीरियन नागरिक सहित पांच दबोचे
इस पर पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर शराब की पेटियां को उतरवाया. कंटेनर से अलग-अलग ब्रांड की 74 पेटी अग्रेंजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है. वहीं, शराब तस्करी करते प्रदीप (34) पुत्र सुरेश कुमार अग्रवाल निवासी घंगाला पुलिस थाना सिवानी जिला भिवानी हरियाणा और अजय (30) पुत्र फूलसिंह सुनार निवासी गुड़ा कैमला पुलिस थाना कनीना जिला महेंद्रगढ़ हरियाणा को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है.

