बद्दी में हुई फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश में जुटी पुलिस
कारोबारी पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने हरियाणा और पंजाब से गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ जारी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 2:10 PM IST
सोलन: बद्दी में दिनदहाड़े एक कारोबारी पर हमला करने वाले दो आरोपियों की गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों नाजर खान निवासी पंचकूला, हरियाणा और प्रभजोत सिंह निवासी मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया है. पुलिस इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी की अभी भी तलाश कर रही है.
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 'पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत हांडाकुंडी में बीते सप्ताह कारोबारी से मारपीट, गोलियां चलाने वाले और जान से मारने की धमकियां देने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं. आरोपियों से पूछताछ जारी है. ये पता लगाया जाएगा कि क्या सच में आरोपियों ने फायर किया था.'
31 जनवरी को हुई थी वारदात
बता दें कि कारोबारी मोहम्मद राज खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 31 जनवरी को दोपहर के समय बद्दी के भुड़ इलाके में वो अपने ऑफिस की छत पर नमाज पढ़ रहे थे. इस दौरान तीन युवक जिसमें एक ने मुंह पर नकाब बांध रखा था. ऑफिस में घुसे और छत पर फायर करने के साथ टांग में गोली मार दी. इसके बाद एक रिश्तेदार के सिर पर डंडे से वार कर तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए.
भागते समय हवा में चलाई गोलियां
शिकायतकर्ता ने बताया था कि आरोपियों ने भागते-भागते हवा में बंदूक से गोलियां भी चलाईं. गोली चलने के बाद आसपास के लोग भी सहम गए थे और इलाके में अफरा तफरी मच गई थी. फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीसरे आरोपी की जांच जा रही है.
मौके पर मौजूद कंपनी कर्मचारी पिंकी चौहान ने बताया था कि 31 जनवरी को तीन युवक बुलेट से लगभग 2 बजे ऑफिस के बाहर आए और सीधा ही छत पर चले गए. गोली की आवाज आने पर हम बाहर आए तो देखा कि ऊपर से तीन युवक सीढ़ियां उतर रहे हैं. युवकों ने मेरे सिर पर पिस्टल तानी और साइड होने को कहा और वहां से फरार हो गए थे.
ये भी पढ़ें: "सीएम सुक्खू के साथ कहीं भी चलने को तैयार हूं, लेकिन शर्त है कि..."

