ETV Bharat / state

पाकुड़ में व्यवसायी का रुपये से भरा बैग उड़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख 68 हजार रुपये बरामद

पाकुड़ में व्यवसायी से छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में दो आरोपी पकड़े गए हैं.

Road robbery in Pakur
पाकुड़ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 18, 2026 at 4:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पाकुड़ : हथियार के बल पर सड़क लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को पाकुड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अपराधियों के पास से 9 एमएम की एक पिस्टल, लूट के 2 लाख 68 हजार 480 रुपये नगद, दो मोबाइल बरामद किए गए हैं. साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है. गिरफ्तार अपराधियों में गिरिडीह के बेंगाबाद का रहने वाला लालू यादव और देवघर के सोनारायठाड़ी निवासी मनोरंजन कुमार शामिल है. अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने की है.

व्यवसायी से हुई थी 3 लाख 40 हजार की छिनतई

एसपी ने बताया कि पिछले दिनों पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र के एक फाइनेंस कंपनी से जुड़े मर्चेंट अनूप कुमार भगत से हथियार के बल पर अपराधियों ने पैसे से भरे बैग की छिनतई की थी. बैग में 3 लाख 40 हजार रुपये थे. इस मामले के उद्भेदन को लेकर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी. पुलिस की टीम ने अनुसंधान के दौरान अपराधियों का पता लगाया और उन्हें धर दबोचा. गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर महेशपुर थाना क्षेत्र के डूमरघाटी के खदान से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल बरामद किया गया.

जानकारी देतीं पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी. (वीडियो-ईटीवी भारत)

दुमका के काठीकुंड से हुई गिरफ्तारी

एसपी ने बताया कि महेशपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी फरार हो गए थे और दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र में दोनों अपराधी बाइक से गिरकर घायल हो गए थे. काठीकुंड पुलिस ने इसकी जानकारी पाकुड़ पुलिस को दी थी. सूचना पर एसआईटी में शामिल पुलिस पदाधिकारी काठीकुंड पहुंचे और दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि पाकुड़ में संचालित सीएसपी और ननबैंकिंग कंपनियों की सूची बनाने का निर्देश सभी थानेदारों को दिया गया है. सूची मिलने के बाद वैसे सीएसपी संचालकों और ननबैंकिंग कंपनियों की जांच करायी जाएगी और यदि अवैध रुप से संचालित करते पाया गया तो निश्चित रुप से कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-

दुमका में धान कारोबारी से 3 लाख 80 हजार की छिनतई, बाइक सवार अपराधियों ने रुपये से भरा बैग उड़ाया

कोढ़ा गैंग ने उड़ाए थे 50 लाख के गहने, बिहार में रेड के दौरान पुलिस ने किये बरामद

रांची के लालपुर थाना गेट के सामने छिनतई की वारदात, बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे बुजुर्ग बने शिकार