करनाल में ब्यूटी पार्लर पर फायरिंग मामले का 2 आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी, STF और CIA -1 ने की कार्रवाई
STF और CIA -1 की संयुक्त कार्रवाई में करनाल में ब्यूटी पार्लर और मकान पर फायरिंग केस में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

Published : February 14, 2026 at 5:27 PM IST
करनालः 3 फरवरी को ब्यूटी पार्लर और मकान पर फायरिंग मामले में करनाल एसटीएफ और सीआईए टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की है. कार्रवाई के दौरान फायरिंग मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली. टीम ने दो आरोपियों को कुरुक्षेत्र के पास समाना बाहु इलाके से गिरफ्तार किया. वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी आरोपियों से बरामद कर ली गई है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
क्या था पूरा मामला : 3 फरवरी की आधी रात फूसगढ़ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर और उसके ऊपर बने मकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. करीब 4 से 5 राउंड फायरिंग के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
घर और परिवार का विवरण : जिस मकान को निशाना बनाया गया, वह बलकार लाठर का है. घटना के समय घर में उनकी मां राजपति और पत्नी सीमा मौजूद थीं. नीचे की दुकान किराए पर दी गई है, जहां नीता नाम की महिला ब्यूटी पार्लर चलाती हैं. बलकार करीब तीन साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका चला गया था.
जांच में सामने आया कारण : सीआईए 1 से जांच अधिकारी जयपाल के अनुसार शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि "अमेरिका में रह रहे एक रिश्तेदार के कहने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे असली साजिश क्या थी, किन हथियारों का इस्तेमाल हुआ और इसमें और कौन-कौन शामिल है."
आगे की कार्रवाई : एक आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. जबकि दूसरे को अदालत में पेश किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

