चोरी के शक में मारपीट कर हत्या का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार
गोड्डा में चोर होने के शक में मारपीट कर हत्या का मामला सामने आया है. इसमें दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है.

Published : January 10, 2026 at 9:02 PM IST
गोड्डाः जिला में पोडैयाहाट थाना अंतर्गत ग्राम मटिहानी गांव के बधार में एक व्यक्ति पप्पू अंसारी की हत्या अज्ञात लोगों के द्वारा कर दी गई. इस मामले में पुलिस को सफलता मिली है.
मारपीट कर हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के द्वारा कांड का उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एक एसआईटी का गठन पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी के नेतृत्व में किया गया. कांड का त्वरित अनुसंधान करते हुए संलिप्त अभियुक्त मुनीलाल मरांडी एवं अनंत मरांडी मटिहानी निवासी थाना पोडैयाहाट को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कांड में संलिप्ता स्वीकार करते हुए कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों का नाम पता बताया. उनके द्वारा बताया गया कि 08 जनवरी 2026 की रात इनके घर के गोहाल से मवेशी चोरी कर तीन अज्ञात लोग ले जा रहे थे.
चोर-चोर का शोर मचाए जाने पर गांव के लोग जुटे और चोर का पीछा कर बहियार में एक चोर को पकड़ लिया गया. इस चोर के साथ मारपीट की गयी, जिससे उसकी मौत हो गई. इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
अनुसंधान के क्रम में यह भी बात सामने आई कि इस कांड में मृतक पप्पू अंसारी (पिता स्व० सराजुद्दीन अंसारी, ग्राम- रानीपुर, थाना-पथरगामा, जिला-गोड्डा) पूर्व में कई बार मवैशी चोरी/तस्करी मामले में जेल जा चुका है. बता दें कि इस मामले को लेकर मृतक पप्पू अंसारी के परिजन ने भी भीड़ द्वारा हत्या का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे पशु खरीद बिक्री का काम करते थे.
वहीं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी. साथ ही पूरी घटना की निंदा की निंदा की थी.
इसे भी पढ़ें- जमीन विवाद में की गई पिटाई में मौत से पहले रहम की भीख मांग रहा था कमलेश! एसपी ने गठित की एसआईटी
इसे भी पढ़ें- हजारीबाग में बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने वाला गिरफ्तार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया था संज्ञान
इसे भी पढ़ें- गढ़वा में ऑनर किलिंग, प्रेम प्रसंग के शक में पिता-भाई ने नाबालिग पीटकर की हत्या, शव जलाने की कोशिश नाकाम

