मेयर चुनाव से पहले चंडीगढ़ में सियासी भूचाल, AAP के दो पार्षदों के भाजपा में जाने से बदला समीकरण
मेयर चुनाव से पहले चंडीगढ़ में AAP को बड़ा झटका लगा है. आप के दो पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं.

Published : December 24, 2025 at 5:22 PM IST
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में आगामी मेयर चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. दरअसल, आम आदमी पार्टी को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है. पार्टी के दो पार्षद वार्ड नंबर 4 से सुमन शर्मा और वार्ड नंबर 16 से पूनम ने AAP छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है. इस घटनाक्रम को सीधे तौर पर जनवरी में होने वाले मेयर चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे नगर निगम की राजनीति में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं.
मेयर हरप्रीत कौर बबला ने किया स्वागत: बीजेपी ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी. वहीं, AAP से भाजपा में आए दोनों पार्षदों का मौजूदा मेयर हरप्रीत कौर बबला ने स्वागत किया. उन्होंने कहा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चंडीगढ़ सहित पूरे देश में विकास की नई दिशा तय हुई है. नए साथियों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी."
भाजपा नेतृत्व ने बताई शामिल होने की वजह: प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, राष्ट्रहित में बनाई गई जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा की स्पष्ट विकासवादी सोच से प्रभावित होकर दोनों पार्षदों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है. मोदी सरकार के तहत देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति की है, जिससे जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है."
संजय टंडन बोले-"ये भाजपा के विस्तार का प्रमाण": इस बारे में भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि, "पार्टी का निरंतर विस्तार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है. मेयर चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियों का तेज होना स्वाभाविक है और आने वाले दिनों में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं."
पार्षद सुमन शर्मा बोली-"ये मेरी घर वापसी": भाजपा में शामिल हुई पार्षद सुमन शर्मा ने इसे अपनी ‘घर वापसी’ बताया. उन्होंने कहा कि, "मेरा भाजपा से वर्षों पुराना नाता रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व नेतृत्व से प्रेरित होकर वे पुनः अपनी मूल विचारधारा से जुड़ी हैं. " उन्होंने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया.
पार्षद पूनम ने जताया भाजपा पर भरोसा: वहीं, पार्षद पूनम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुखी नीतियों और भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा का कार्य करेंगी.
AAP महिला विंग की प्रतिक्रिया: इस दलबदल को लेकर आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रधान प्रेम लता ने कहा कि, "मैं पिछले कुछ दिनों से कैथल में थीं और इस फैसले से खुद हैरान हूं. दोनों पार्षदों ने पार्टी क्यों छोड़ा? इसका जवाब वही बेहतर दे सकती हैं."
मेयर चुनाव से पहले बदले नगर निगम के आंकड़ें: इस दल-बदल के बाद चंडीगढ़ नगर निगम में राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं. अब आम आदमी पार्टी के पार्षदों की संख्या घटकर 11 रह गई है, जबकि भाजपा की संख्या बढ़कर करीब 17 के आसपास पहुंच चुकी है. कुल 35 पार्षद चंडीगढ़वासियों द्वारा चुने गए हैं. वहीं, मेयर चुनाव को लेकर भाजपा बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है. BJP इस बार मेयर पद पर दोबारा कब्जा जमाने की रणनीति पर काम कर रही है.

