ETV Bharat / state

ट्विशा मौत मामला: पिता का आरोप, MPSLSA के वकील ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत याचिका पर पैरवी की

अधिवक्ता अंकुर पांडे का आरोप, 15 मई को श्रेयस सक्सेना स्वयं अदालत में उपस्थित हुए और गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर पैरवी की.

Twisha father allegation on MPSLSA
एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत मामला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : June 12, 2026 at 9:50 PM IST

|

Updated : June 12, 2026 at 11:08 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत को एक महीना पूरा हो चुका है, बीते एक महीने के दौरान इस केस ने कई ऐसे मोड़ लिए, जिन्होंने पूरे देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. अब ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर उठे सवाल उठाए हैं.

ट्विशा शर्मा के परिवार ने करीब 15 दिन तक भोपाल की सड़कों पर न्याय की गुहार लगाई. लगातार धरना प्रदर्शन और दबाव के बाद आखिरकार मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई. सीबीआई ने जांच की कमान संभालते ही कार्रवाई तेज की और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद ट्विशा के पति समर्थ को भी स्थानीय पुलिस से अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की. फिलहाल गिरिबाला सिंह और समर्थ दोनों भोपाल की सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं.

Twisha father allegation on MPSLSA
समर्थ सिंह के साथ अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना (ETV Bharat)

मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर भी सवाल

ट्विशा शर्मा मौत के मामले मे एक नया और बड़ा विवाद सामने आया है. अब मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA) की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि मामले की शुरुआत से ही गिरिबाला सिंह को विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े कुछ लोगों का सहयोग मिलता रहा. शिकायत में दावा किया गया है कि गिरिबाला सिंह और MPSLSA के सदस्य मनोज कुमार के बीच कई बार बातचीत हुई.

उपलब्ध कॉल डिटेल के अनुसार दोनों के बीच आठ बार संपर्क हुआ, जिसमें 12 मई की रात करीब 11 बजे की एक कॉल भी शामिल बताई जा रही है. विवाद को और हवा उस समय मिली जब शिकायत में अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना का नाम भी सामने आया. पीड़ित परिवार के अधिवक्ता अंकुर पांडे का आरोप है कि 15 मई को श्रेयस सक्सेना स्वयं अदालत में उपस्थित हुए और गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर पैरवी की.

शिकायत में आरोप, श्रेयस सक्सेना और समर्थ के बीच पहले से रहे हैं संबंध

उन्होंने कहा की ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा अपनी शिकायत मे कहा कि श्रेयस सक्सेना और समर्थ के बीच पहले से संबंध रहे हैं. जिससे पूरे मामले की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. नवनिधि शर्मा का आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए बनाई गई विधिक सहायता योजना का लाभ एक प्रभावशाली व्यक्ति को दिलाने की कोशिश की गई. उन्होंने इस संबंध में मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और हाईकोर्ट को शिकायत भेजकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है.

तस्वीरों और वीडियो में समर्थ और श्रेयस सक्सेना एक साथ नजर आ रहे

वहीं पीड़ित परिवार के अधिवक्ता अंकुर पांडे ने बताया "हमने शिकायत में कुछ तस्वीरों और वीडियो का भी उल्लेख किया है. इनमें समर्थ और श्रेयस सक्सेना एक साथ नजर आ रहे हैं. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना से जुड़े कुछ लोगों के बीच पहले से परिचय और संपर्क था, जिसकी गहन जांच की जानी चाहिए."

मामले में लगातार सामने आ रहे नए तथ्यों और आरोपों के बाद जांच एजेंसियों पर सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल करने का दबाव बढ़ गया है. गिरिबाला सिंह और समर्थ फिलहाल 16 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीबीआई की जांच में इन आरोपों की कितनी पुष्टि होती है और विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े सवालों पर संबंधित संस्थाएं क्या रुख अपनाती हैं.

Last Updated : June 12, 2026 at 11:08 PM IST